पुलिस-नगर परिषद मिलकर संवारेंगे कुल्लू
एसपी ने वार्ड सदस्यों संग की बैठक, शहर की सुरक्षा और स्वच्छता व्यवस्था सुधारने पर बनी सहमति
जिला संवाददाता-कुल्लू
कुल्लू शहर को सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर बनाने के लिए कुल्लू पुलिस और नगर परिषद ने आपसी समन्वय के साथ मिलकर काम करने की पहल की है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक कुल्लू अभिषेक एस की अध्यक्षता में वार्ड सदस्यों, नगर परिषद अध्यक्ष, नगर परिषद के कर्मचारियों और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और आम जनता से जुड़े विभिन्न मुद्दों के समाधान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में पुलिस और नगर परिषद के बीच तालमेल को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने माना कि शहर की व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए केवल प्रशासनिक स्तर पर प्रयास पर्याप्त नहीं हैंए बल्कि इसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों और आम लोगों की भागीदारी भी जरूरी है।
वार्ड स्तर पर सामने आने वाली समस्याओं को संबंधित विभागों तक पहुंचाने और उनके समाधान के लिए आपसी सहयोग से काम करने पर सहमति जताई गई। पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षित और बेहतर समाज के निर्माण में सामूहिक प्रयासों की अहमियत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शहर में शांतिए सुरक्षा, स्वच्छता और बेहतर नागरिक सुविधाओं के लिए सभी संबंधित पक्षों को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सहयोग करना होगा। जनप्रतिनिधियों और नगर परिषद के कर्मचारियों के साथ नियमित संवाद से स्थानीय समस्याओं का समय रहते समाधान करने में मदद मिल सकती है। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कुल्लू अभिषेक एस, पुलिस थाना कुल्लू के थाना प्रभारी, पुलिस चौकी सिटी के प्रभारी तथा यातायात शाखा कुल्लू के प्रभारी भी मौजूद रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य पुलिस और नगर परिषद के बीच बेहतर तालमेल स्थापित कर जनहित के कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाना रहा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
