डमटाल में अवैध खनन, जांच और कार्रवाई का इंतजार

By: Nov 20th, 2026 12:54 am

ठाकुर रामगोपाल दास मंदिर की जमीन पर खुदाई के आरोप, कब होगी भूमि की निशानदेही
निजी संवाददाता-डमटाल
हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा की विधानसभा इंदौरा के अंतर्गत डमटाल स्थित ऐतिहासिक ठाकुर रामगोपाल दास मंदिर की भूमि को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो रहे हैं। ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व रखने वाले इस मंदिर की भूमि पर कथित अवैध खनन और बड़े पैमाने पर खुदाई किए जाने के आरोप सामने आए हैं। स्थानीय स्तर पर उठ रही इन शिकायतों के बाद मंदिर की संपत्ति, धार्मिक आस्था और पर्यावरण संरक्षण को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार माजरा क्षेत्र में चक्की दरिया से गांव की ओर मंदिर की भूमि पर कथित तौर पर भारी मशीनों के माध्यम से खुदाई की गई है। वहीं, शीतला माता मंदिर के पीछे स्थित क्षेत्र में कीकर के पेड़ों को उखाडक़र जमीन की मिट्टी हटाने तथा रेत-बजरी निकालने के आरोप भी लगाए जा रहे हैं। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि मंदिर की भूमि पर कथित तौर पर हो रही खुदाई किसकी अनुमति से की जा रही है? क्या संबंधित विभागों को इसकी जानकारी है? यदि शिकायतें प्रशासन तक पहुंची हैं तो अब तक जांच और कार्रवाई की स्थिति क्या है? इन सवालों का जवाब मिलना जरूरी है।

धार्मिक धरोहरों की सुरक्षा राजनीति से ऊपर
अयोध्या के राम मंदिर को लेकर राजनीतिक मंचों पर धार्मिक धरोहरों के संरक्षण और आस्था की बातें होती रही हैं। ऐसे में डमटाल के ऐतिहासिक ठाकुर रामगोपाल दास मंदिर की भूमि से जुड़े आरोपों पर भी जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभागों की जवाबदेही तय होनी चाहिए। धार्मिक स्थलों और उनकी संपत्तियों की सुरक्षा किसी राजनीतिक दल तक सीमित विषय नहीं, बल्कि सामूहिक जिम्मेदारी है। इतिहास में कांगड़ा क्षेत्र के मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर हुए आक्रमणों का उल्लेख मिलता है। ऐसे ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण के लिए आज प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय समाज की जिम्मेदारी और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। मंदिर की संपत्ति का संरक्षण राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर किया जाना चाहिए।

अवैध खनन और खुदाई की निष्पक्ष जांच हो
स्थानीय लोगों और मंदिर की संपत्ति को लेकर चिंतित लोगों की मांग है कि ठाकुर रामगोपाल दास मंदिर की भूमि की राजस्व विभाग के माध्यम से आधिकारिक निशानदेही करवाई जाए। कथित अवैध खनन और खुदाई की निष्पक्ष जांच हो तथा मंदिर की संपत्ति को सुरक्षित रखने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App