चंबा के चौगान में पहली दिसंबर से नो एंट्री

By: Nov 20th, 2026 12:56 am

चौगान की हरियाली बचाने के लिए प्रशासन का फैसला, पांच माह तक नहीं होंगी गतिविधियां
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-चंबा
शहर के ऐतिहासिक चौगान नंबर-एक में पहली दिसंबर से लोगों की आवाजाही और विभिन्न गतिविधियों के आयोजन पर आगामी आदेशों तक रोक रहेगी। इस संबंध में कार्यवाहक उपायुक्त अमित मैहरा ने आदेश जारी कर दिए हैं। आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ निर्धारित नियमों के तहत कार्रवाई का भी प्रावधान किया गया है। उल्लेखनीय है कि हर वर्ष सर्दियों के मौसम में चौगान को करीब पांच माह के लिए मरम्मत एवं रखरखाव कार्य के चलते बंद किया जाता है। इस अवधि में चौगान में लोगों की आवाजाही के साथ-साथ किसी भी तरह के आयोजन पर प्रतिबंध रहता है। इस दौरान मैदान में हरी दूब उगाने और उसके संरक्षण के लिए आवश्यक मरम्मत कार्य किए जाते हैं, ताकि चौगान की हरियाली और सुंदरता बरकरार रखी जा सके। इस वर्ष भी पहली दिसंबर से चौगान नंबर-एक को आगामी आदेशों तक आम लोगों के लिए बंद किया जा रहा है। इस दौरान मैदान में प्रवेश और किसी भी प्रकार की गतिविधि की अनुमति नहीं होगी।

पहली से चौगान में शुरू होंगे मरम्मत कार्य
कार्यवाहक उपायुक्त अमित मैहरा ने बताया कि ऐतिहासिक चौगान नंबर-एक को मरम्मत कार्य और हरी दूब के संरक्षण के उद्देश्य से पहली दिसंबर से बंद करने का निर्णय लिया गया है। इस संबंध में आवश्यक आदेश जारी कर दिए गए हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App