आईटीएमएस के डर से नंबर प्लेट की जा रही गायब, पुलिस की नजर

By: Nov 20th, 2026 12:54 am

स्टाफ रिपोर्टर – हमीरपुर
आईटीएमएस कैमरों से बचने के लिए कुछ वाहन चालक अब नंबर प्लेट ही गायब करने लगे हैं। जिला के विभिन्न बाजारों और मुख्य मार्गों पर बिना नंबर प्लेट दौड़ रहे दोपहिया वाहन यातायात नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ा रहे हैं। कहीं नंबर प्लेट पूरी तरह हटाई जा रही है, तो कहीं उसे मिट्टी, कीचड़ या अन्य तरीकों से छिपाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि आईटीएमएस कैमरों की नजर से बचकर चालान से बचा जा सके। ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं। कुछ मामलों में पुलिस ने वाहनों का जब्त भी किया है, ताकि इस तरह की हरकत न हो। हालांकि अभी भी ऐसे मामले सामने आ रहे हैं तथा पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। जिला के कई प्रमुख मार्गों पर इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) स्थापित किए गए हैं। इन कैमरों के माध्यम से ओवरस्पीड, बिना हेल्मेट और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों की निगरानी की जाती है। कैमरों में नियमों का उल्लंघन दर्ज होने पर वाहन के नंबर के आधार पर चालान जारी किया जाता है।

ऐसे में कुछ चालक कैमरों से बचने के लिए नंबर प्लेट हटाने का रास्ता अपना रहे हैं। हालांकि नंबर प्लेट हटाकर वाहन चलाना भी नियमों का उल्लंघन है और ऐसे मामलों में पुलिस कार्रवाई कर रही है। ट्रैफिक पुलिस ने पिछले एक महीने में बिना नंबर प्लेट वाहन चलाने वाले 26 वाहनों के चालान काटे हैं। वहीं, कुछ दिन पूर्व शहर के नादौन चौक पर नंबर प्लेट पर कीचड़ लगाकर उसे छिपाने वाली स्कूटी भी पुलिस के हत्थे चढ़ी थी। बिना नंबर प्लेट चलाए जा रहे दोपहिया वाहनों को पुलिस जब्त भी कर चुकी है। नंबर प्लेट गायब करने के पीछे केवल चालान से बचने की मंशा ही नहीं, बल्कि कुछ मामलों में संदिग्ध गतिविधियों में ऐसे वाहनों के इस्तेमाल की आशंका भी रहती है। नंबर प्लेट न होने पर किसी घटना के बाद वाहन की पहचान करना चुनौती बन सकता है। जिला के बाजारों और मुख्य मार्गों पर ऐसे वाहन सामने आने के बाद ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। नाकाबंदी के दौरान बिना नंबर प्लेट और नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर नजर रखी जा रही है।

कार्रवाई तेज
पुलिस अधीक्षक हमीरपुर बलबीर सिंह ने बताया कि ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस जगह-जगह नाकाबंदी कर ऐसे वाहनों को पकड़ रही है और जरूरत पडऩे पर उन्हें जब्त किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कहीं ऐसे वाहनों के इस्तेमाल की जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना पुलिस को दें।

दोपहिया वाहनों की मनमानी पर लगातार कार्रवाई
हमीरपुर शहर के आस पास जगहों पर नो पार्किंग जोन में दोपहिया वाहनों को पार्क किया जा रहा है। इसके साथ ही कई दोपहिया वाहनों को मोडिफाई किया गया है जोकि नियमों के विरूद्ध है। हाल ही में ट्रैफिर पुलिस ने एक ऐसे ही दोपहिया को पकड़ा था जो मोडिफाइड किया गया था तथा उसके कागजात भी अधूरे थे। सुनिश्चित किया जा रहा है कि लगातार ऐसे वाहनों पर कार्रवाई होती रही। मट्टनसिद्ध बाईपास मार्ग पर भी पुलिस नाकाबंदी कर रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App