सात दिन में पूरी हुई 15 साल पुरानी सडक़ की मांग
सुनील शर्मा बिट्टू के समक्ष ग्रामीणों ने लगाई थी गुहार, दुगनेड़ी से गोहर होता हुआ बाईपास से कनेक्ट हुआ मार्ग
दिव्य हिमाचल ब्यूरो – हमीरपुर
ग्राम पंचायत साहनवीं के गांव भडार के ग्रामीणों की 25 साल पुरानी सडक़ की मांग पूरी करने के बाद मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने गांव दुगनेड़ी के लोगों की 15 साल पुरानी सडक़ की मांग को भी पूरा कर दिया। ग्रामीणों के अनुरोध के बाद सात दिन के भीतर यहां के लिए सडक़ मार्ग का काम शुरू हो गया। यह सडक़ दुगनेड़ी-गोहर होती हुई बाईपास को टच करेगी। इस सडक़ के बनने से दुगनेड़ी गांव की तरफ से आने वाले लोगों को बाईपास मार्ग पर पहुंचने में आसानी होगी इससे उनके समय की भी बचत होगी। वहीं दूसरी ओर यह मार्ग आने वाले समय में फोरलेन से भी कनेक्ट हो जाएगा। बता दें कि मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा ने पिछले दिनों दुगनेड़ी में ग्रामीणों के साथ बैठक की थी। इस दौरान गांव वासियों ने गांव में पानी की समस्या के अलावा इस सडक़ की मांग की थी। ग्रामीणों के अनुसार वे पिछले करीब 15 वर्षों से इस सडक़ को बनाने की मांग कर रहे हैं। यदि यह सडक़ बनती है, तो हमीरपुर पहुंचने में उनको समय की बचत होगी, क्योंकि पहले घूमकर जाना पड़ता था।
सुनील शर्मा के बोल
सुनील शर्मा ने कहा कि धन्यवाद के असली हकदार मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू हैं, जो हमेशा से हमीरपुर के विकास कार्यों के लिए सहयोग करते आ रहे हैं। मैं तो बस ग्रामीणों की समस्या को मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का कार्य करता हूं।
वादा किया
सुनील शर्मा ने जहां पानी की समस्या के लिए आईपीएच महकमे के अधिकारियों को तुरंत आदेश दिए, वहीं सडक़ का कार्य पूरा करने का वादा भी ग्रामीणों से किया। पीडब्ल्यूडी से कहकर उन्होंने सात दिन के भीतर सडक़ तैयार करवा दी। ग्रामीणों ने उनका धन्यवाद किया है। साथ ही ही मांग की है कि इसे दूसरी ओर फोरलेन से भी कनेक्ट किया जाए।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
