CBSE School HP: 9 और सरकारी स्कूल CBSE में शामिल, आदेश जारी

By: Nov 20th, 2026 5:20 pm

जय ठाकुर—शिमला

प्रदेश मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप हिमाचल प्रदेश के चंबा जिला के 9 सरकारी स्कूलों को सीबीएसई में संबद्ध करने की मंजूरी दी हैं। दूसरे चरण में इन स्कूलों को शामिल करने के लिए शिक्षा विभाग ने आधिकारिक आदेश जारी कर दिए हैं। सरकार की इस मंजूरी से चंबा जिले के इन स्कूलों में पढऩे वाले विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर के पाठ्यक्रम से जोडऩे की दिशा में कदम बढ़ा है। खास बात यह है कि दूसरे चरण में स्वीकृत सभी नौ स्कूल चंबा जिले के हैं। शिक्षा विभाग के अतिरिक्त सचिव की ओर से निदेशक स्कूल शिक्षा को जारी आदेश में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बैरागढ़, थल्ली, झज्जाकोठी, हिमगिरी, मेहला, लायल, भरमौर, होली और सुनारा को सीबीएसई से संबद्ध करने की स्वीकृति प्रदान की गई है। यह मंजूरी तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।

विभाग ने पांच नवंबर को निदेशक स्कूल शिक्षा की ओर से भेजे गए प्रस्ताव के आधार पर यह निर्णय लिया गया है। प्रदेश सरकार सरकारी स्कूलों में शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने और विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा प्रणाली से जोडऩे के लिए चरणबद्ध तरीके से स्कूलों को सीबीएसई से संबद्ध कर रही है। मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद शुरू हुई इस प्रक्रिया के दूसरे चरण में चंबा के नौ स्कूलों को मंजूरी मिली है। हालांकि, इन स्कूलों में सीबीएसई पाठ्यक्रम शुरू होने की शैक्षणिक समय-सारिणी और संबद्धता की आगे की प्रक्रिया को लेकर विभागीय स्तर पर आगामी कदम अहम रहेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App