अहंकार का विसर्जन ही आत्मज्ञान का मार्ग

By: Nov 28th, 2026 12:33 am

पिछले साल गया जी (बिहार) में पिंडदान क्रिया संपन्न करवाते समय जब पंडित जी ने पूछा कि आप यहां इस धर्मस्थल पर क्या छोडक़र जाना चाहोगे, तो मेरी धर्मपत्नी वर्षा आचार्य का जवाब था कि मैं अहंकार को छोडक़र जाना चाहूंगी। सुनकर एकबारगी पंडितजी भी विस्मित हो गए। उनका कहना था कि मैंने पिंडदान की पूजाएं कई बार संपन्न करवाई हैं, लेकिन ऐसा प्रत्युत्तर संभवत: मैं जीवन में पहली बार सुन रहा हूं। मनुष्य के जीवन में अहंकार एक ऐसा सूक्ष्म विकार है, जो धीरे-धीरे उसके विवेक, विनम्रता और आध्यात्मिक चेतना को प्रभावित करने लगता है। जब व्यक्ति अपने ज्ञान, धन, पद, प्रतिष्ठा, शक्ति अथवा उपलब्धियों को अपनी श्रेष्ठता का आधार मानकर दूसरों से स्वयं को बड़ा समझने लगता है, तब उसके भीतर अहंकार जन्म लेने लगता है।

भारतीय दर्शन में अहंकार का अर्थ केवल घमंड अथवा अभिमान नहीं, बल्कि ‘मैं’ और ‘मेरा’ की उस भावना से भी है, जिसके कारण मनुष्य अपनी वास्तविक पहचान को भूलकर शरीर, धन, परिवार, पद और सांसारिक उपलब्धियों को ही अपना अस्तित्व मान बैठता है। कई बार आंतरिक असुरक्षा और हीनभावना भी व्यक्ति को श्रेष्ठता का दिखावा करने के लिए प्रेरित करती है। इस प्रकार अहंकार केवल सफलता से नहीं, बल्कि मन की अपूर्णता और अज्ञान से भी उत्पन्न होता है। श्रीमद्भगवद्गीता में भगवान श्रीकृष्ण ने अहंकार को मनुष्य के पतन और आध्यात्मिक उन्नति में बाधक बताते हुए कहा है : ‘दम्भो दर्पोऽभिमानश्च क्रोध: पारुष्यमेव च।/अज्ञानं चाभिजातस्य पार्थ सम्पदामासुरीम्॥’ अर्थात दंभ, घमंड, अभिमान, क्रोध, कठोरता और अज्ञान आसुरी स्वभाव के लक्षण हैं। भगवान श्रीकृष्ण का यह संदेश स्पष्ट करता है कि अहंकार केवल व्यक्ति के व्यवहार को ही दूषित नहीं करता, बल्कि उसके संपूर्ण चरित्र और विचारधारा को भी प्रभावित करता है।

गीता के तीसरे अध्याय के 27वें श्लोक में भगवान अहंकार के मूल स्वरूप को समझाते हुए कहते हैं : ‘प्रकृते: क्रियमाणानि गुणै: कर्माणि सर्वश:।/अहंकारविमूढात्मा कर्ताहमिति मन्यते॥’ अर्थात प्रकृति के गुणों द्वारा सभी कर्म संपन्न होते हैं, लेकिन अहंकार से मोहित मनुष्य स्वयं को ही उनका कर्ता मान बैठता है। वास्तव में किसी भी व्यक्ति की सफलता के पीछे उसके परिश्रम के साथ परिवार, समाज, परिस्थितियों, समय और ईश्वर की कृपा का भी योगदान होता है। पौराणिक कथाओं में रावण, कंस और दुर्योधन जैसे शक्तिशाली एवं विद्वान पात्रों का पतन इस बात का प्रमाण है कि ज्ञान, सामथ्र्य और सत्ता भी अहंकार के सामने व्यक्ति को विनाश से नहीं बचा सकते। अहंकारी व्यक्ति अपनी गलतियों को स्वीकार नहीं करता, दूसरों की सलाह को महत्व नहीं देता और आलोचना को अपना अपमान समझता है।

इसके विपरीत विनम्रता व्यक्ति को सीखने, समझने और आत्मसुधार करने की प्रेरणा देती है। यह समझना भी आवश्यक है कि अहंकार का त्याग आत्मसम्मान अथवा आत्मविश्वास का त्याग नहीं है। स्वाभिमान व्यक्ति को अपनी गरिमा और अधिकारों के प्रति जागरूक बनाता है, जबकि अहंकार उसे दूसरों से श्रेष्ठ होने का भ्रम देता है। इसलिए आध्यात्मिक उन्नति का अर्थ स्वयं को कमजोर बनाना नहीं, बल्कि अपनी क्षमताओं के प्रति सजग रहते हुए दूसरों के सम्मान को भी स्वीकार करना है। अहंकार के विसर्जन के लिए अध्ययन, आत्मनिरीक्षण, ध्यान, स्वाध्याय, सत्संग, निष्काम कर्म और निस्वार्थ सेवा अत्यंत महत्वपूर्ण साधन हैं। जब मनुष्य अपनी गलतियों को स्वीकार करना, दूसरों की अच्छाइयों की प्रशंसा करना और सफलता के समय कृतज्ञ बने रहना सीखता है, तब उसके भीतर विनम्रता का भाव विकसित होने लगता है। अपने कर्मों का फल ईश्वर को समर्पित करना और स्वयं को केवल निमित्त मानना भी अहंकार की पकड़ कमजोर करता है। अंतत: मनुष्य को यह समझना होगा कि धन, पद, प्रतिष्ठा, सौंदर्य और शारीरिक सामथ्र्य समय के साथ बदलने वाली चीजें हैं। जीवन की वास्तविक महानता इस बात में नहीं है कि कितने लोग हमारे सामने झुकते हैं, बल्कि इसमें है कि हम कितने लोगों को सम्मान देना जानते हैं। जिस दिन मनुष्य अपने भीतर के ‘मैं’ को सीमित करके ‘हम’ के भाव को विस्तार देना सीख जाएगा, उसी दिन उसके जीवन में प्रेम, करुणा, संतोष और आत्मिक शांति का संचार होने लगेगा। वास्तव में जहां अहंकार का विसर्जन होता है, वहीं आत्मबोध का प्रकाश प्रकट होता है। क्योंकि स्वयं को जानने के लिए पहले स्वयं के अहंकार से मुक्त होना आवश्यक है।

-डॉ. अनुज कुमार आचार्य, बैजनाथ


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App