आईपीएल 2027 : हिटमैन इज़ बैक, रोहित शर्मा के हाथ तीन साल बाद मुंबई इंडियंस की कमान

By: Nov 28th, 2026 12:08 am

एजेंसियां— मुंबई

आईपीएल 2027 से पहले मुंबई इंडियंस ने बड़ा फैसला लिया है। फ्रेंचाइजी ने अनुभवी बल्लेबाज रोहित शर्मा को एक बार फिर टीम का कप्तान बनाया है। मुंबई इंडियंस ने शुक्रवार को इसकी आधिकारिक घोषणा की। करीब तीन सीजन बाद रोहित एक बार फिर टीम की कमान संभालते नजर आएंगे। इससे पहले 2024 सीजन से पहले उनसे कप्तानी लेकर हार्दिक पांड्या को यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी। दरअसल, हार्दिक पांड्या हाल ही में ट्रेड के जरिए पंजाब किंग्स में शामिल हो गए हैं। उनके बदले पंजाब के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह मुंबई इंडियंस का हिस्सा बने हैं। हार्दिक के टीम से जाने के बाद मुंबई को नए कप्तान की तलाश थी। अब फ्रेंचाइजी ने अपने सबसे सफल कप्तानों में शामिल रोहित शर्मा पर भरोसा जताया है। मुंबई इंडियंस के मालिक आकाश अंबानी ने रोहित शर्मा को दोबारा कप्तान बनाए जाने पर खुशी जाहिर की।

कप्तानी में जीते पांच आईपीएल खिताब

रोहित शर्मा मुंबई इंडियंस के सबसे सफल कप्तानों में से एक हैं। उन्होंने 2013 सीजन के बीच में रिकी पोंटिंग से कप्तानी की जिम्मेदारी संभाली थी। उसी साल उनकी अगवाई में मुंबई इंडियंस ने पहली बार आईपीएल का खिताब अपने नाम किया। रोहित की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने 2015, 2017, 2019 और 2020 में भी आईपीएल ट्रॉफी जीती।

2027 का सीजन खास रहेगा

मुंबई इंडियंस ने आधिकारिक बयान में बताया कि 2027 का सीजन टीम के लिए खास होने वाला है। फ्रेंचाइजी अपने 20वें सीजन में प्रवेश करेगी और इस मौके पर रोहित शर्मा जैसे सफल खिलाड़ी का नेतृत्व मिलना उसके लिए बड़ी बात है।

अर्शदीप के आने से मजबूत होगी गेंदबाजी

11 नवंबर को हार्दिक पांड्या के पंजाब किंग्स में जाने और अर्शदीप सिंह के मुंबई इंडियंस में शामिल होने की आधिकारिक पुष्टि हुई थी। अर्शदीप के आने से मुंबई का तेज गेंदबाजी आक्रमण मजबूत होने की उम्मीद है। वह अब जसप्रीत बुमराह के साथ टीम की गेंदबाजी की जिम्मेदारी संभालेंगे।

शानदार रहा है रोहित का कप्तानी रिकॉर्ड

रोहित शर्मा ने 2013 से 2023 तक कुल 11 सीजन में मुंबई इंडियंस की कप्तानी की। इस दौरान रोहित शर्मा ने 158 मुकाबलों में टीम का नेतृत्व किया। इनमें से मुंबई इंडियंस ने 87 मैच जीते, जबकि 67 में उसे हार का सामना करना पड़ा। मुंबई इंडियंस के चार मुकाबले टाई रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App