भारत पर लगेगा 17 फीसदी टैरिफ, पीयूष गोयल ने दिया बड़ा संकेत, ट्रेड डील होते ही मिलेगी राहत

By: Nov 28th, 2026 12:06 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो— नई दिल्ली

भारत और अमरीका के बीच लंबे समय से चल रही ट्रेड डील की बातचीत अब नया टर्न लेते हुए नजर आ रही है। वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शुक्रवार को बड़ा सिग्नल दिया है कि दोनों देश इस डील को अंतिम रूप देने के करीब हैं। उनके मुताबिक, अब तक समझौते को पूरा करने में जिन नेगेटिव फैक्टर्स का सामना करना पड़ रहा था, उन्हें दूर करने का रास्ता निकलने लगा है। पीयूष गोयल ने इंडिया डेट कैपिटल मार्केट समिट 2026 को वर्चुअली संबोधित करते हुए यह बात कही। इस समझौते पर सहमति बनने से भारत और अमरीका के बीच कारोबार को लेकर बनी अनिश्चितता कम हो सकती है। पीयूष गोयल ने जानकारी दी है कि अमरीका के साथ व्यापार समझौता अब पूरा होने के करीब है।

उन्होंने बताया कि दोनों देशों के बीच बातचीत को अंतिम नतीजे तक पहुंचाने का प्रोसेस अब पूरा होने के करीब पहुंच रहा है। पहले यही प्रोसेस समझौते को पूरा करने में बड़ी रुकावट बनी हुई थी। हालांकि, मंत्री ने समझौते पर हस्ताक्षर होने की कोई निश्चित तारीख नहीं बताई और न ही यह स्पष्ट किया कि किन मुद्दों पर अभी सहमति बननी बाकी है।

25 फीसदी का प्रस्ताव

इस बातचीत के बीच अमरीकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (एसटीआर) की हालिया रिपोर्ट भी चर्चा में है। इसमें भारत से अमरीका भेजे जाने वाले सामान पर 25 फीसदी टैरिफ लगाने का प्रपोजल रखा गया है। हालांकि, रिपोर्ट के मुताबिक, अगर भारत और अमरीका के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौता हो जाता है, तो यह दर घटकर 17 फीसदी तक रह सकती है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App