पुतिन का बड़ा कदम, रूस में रिकॉर्ड रक्षा बजट को मंजूरी, तीन साल में खर्च होंगे 609 अरब डॉलर
एजेंसियां— मॉस्को
रूस की संसद ने 2027 से 2029 के लिए रिकॉर्ड रक्षा बजट को मंजूरी दे दी है। इस तीन साल की अवधि में राष्ट्रीय रक्षा पर 50 ट्रिलियन रूबल से ज्यादा यानी करीब 609 अरब डॉलर खर्च करने की योजना है। सोवियत संघ के टूटने के बाद यह रूस का सबसे बड़ा सैन्य बजट है। इससे साफ है कि यूके्रन के साथ जारी युद्ध के बीच रूस की प्राथमिकता सैन्य जरूरतों पर बनी हुई है। रूसी स्टेट ड्यूमा ने बजट के मसौदे को तीसरी और अंतिम मंजूरी दे दी है। योजना के मुताबिक, 2027 में रूस के कुल संघीय खर्च का करीब 35.2 फीसदी हिस्सा रक्षा पर खर्च होगा। रूसी संसद की रक्षा समिति के आंकड़ों के मुताबिक, 2027 में रक्षा पर 17.15 ट्रिलियन रूबल यानी करीब 208.8 अरब डॉलर खर्च किए जाएंगे।
यह 2026 के लिए तय 12.93 ट्रिलियन रूबल यानी करीब 157.4 अरब डॉलर के मुकाबले लगभग 33 फीसदी ज्यादा है। इसके बाद रक्षा बजट में थोड़ी कमी आने की योजना है, लेकिन खर्च मौजूदा स्तर से काफी ज्यादा रहेगा। रूस 2028 में रक्षा पर 16.61 ट्रिलियन रूबल यानी करीब 202.2 अरब डॉलर और 2029 में 16.30 ट्रिलियन रूबल यानी करीब 198.4 अरब डॉलर खर्च करेगा। इस हिसाब से रूस हर साल औसतन 18 लाख करोड़ रुपए सेना पर खर्च करेगा। यह भारत के 2026-27 के सालाना रक्षा बजट 7.85 लाख करोड़ रुपए से करीब 2.3 गुना ज्यादा है। यानी रूस हर साल भारत के मुकाबले सेना पर दोगुना से भी ज्यादा खर्च करेगा।
स्वास्थ्य और दूसरे क्षेत्रों के बजट में कटौती
रक्षा बजट में बढ़ोतरी के साथ कई नागरिक क्षेत्रों के लिए बजट कम होने की उम्मीद है. द मॉस्को टाइम्स के मुताबिक, 2026 के लिए पिछली बजट योजना में तय राशि की तुलना में राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था के लिए आबंटन करीब तीन फीसदी कम होगा। वहीं, आवास और सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़े खर्च में करीब 8 फीसदी की कटौती की जाएगी। स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए बजट में भी करीब 3 फीसदी की कमी की जाएगी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

