पूर्व सीजेआई ने सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम पर उठाए सवाल, जानिए क्या कहा
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली
भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) जस्टिस बीआर गवई ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखकर सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। जस्टिस गवई ने आरोप लगाया है कि कॉलेजियम द्वारा हाल के दिनों में की गई सिफारिशों में केवल एक ही समुदाय को तरजीह दी जा रही है। उनका दावा है कि इससे अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अल्पसंख्यक, महिलाएं और अन्य योग्य उम्मीदवार उपेक्षित हो रहे हैं। उन्होंने इस पत्र की कॉपी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल को भी भेजी है। जस्टिस गवई ने इस मामले में राष्ट्रपति से सीधे हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने इसके लिए संसद में पेश किए गए सरकारी आंकड़ों का हवाला दिया है। पत्र के मुताबिक, वर्ष 2018 से अब तक देश के विभिन्न हाई कोर्ट में नियुक्त किए गए कुल 715 जजों में से केवल 22 अनुसूचित जाति (एससी), 16 अनुसूचित जनजाति (एसटी), 89 अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) और 37 अल्पसंख्यक समुदाय से हैं। नौ साल में करीब 75 फीसदी जज सामान्य वर्ग से नियुक्त किए गए। उन्होंने बताया कि जनवरी, 2021 से जनवरी, 2026 के बीच हुई नियुक्तियों में करीब 80 प्रतिशत पद सामान्य वर्ग के खाते में गए, जबकि ओबीसी वर्ग को 14 प्रतिशत से भी कम प्रतिनिधित्व मिला। जस्टिस गवई ने इस बात पर भी गहरी चिंता जताई कि देश की कुल आबादी में पांच प्रतिशत से भी कम हिस्सेदारी रखने वाले एक खास समुदाय का सुप्रीम कोर्ट की 40 प्रतिशत से अधिक सीटों पर कब्जा है।
जस्टिस गवई ने हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीशों के तबादलों की प्रक्रिया पर भी अंगुली उठाई है। उन्होंने पत्र में लिखा कि जिस मुख्य न्यायाधीश को पहले छोटे हाई कोर्ट में ट्रांसफर किया गया था, अब उसकी सिफारिश एक बड़े और प्रमुख हाई कोर्ट के लिए की जा रही है। उनका कहवा है कि किसी दूसरे का रास्ता बनाने के लिए एक योग्य मुख्य न्यायाधीश का तबादला कर दिया गया। पूर्व मुख्य न्यायाधीश ने ईमानदारी से यह भी स्वीकार किया कि वे स्वयं भी इन निर्णयों को लेने वाले कॉलेजियम का हिस्सा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस विफलता की कुछ जिम्मेदारी हम सभी पर आती है, लेकिन संवैधानिक मर्यादा का हवाला देते हुए उन्होंने इसके पीछे के कारणों का खुलासा करने से इनकार कर दिया। पत्र के अंत में जस्टिस गवई ने राष्ट्रपति को याद दिलाया कि न्यायिक नियुक्तियों में कॉलेजियम की सर्वोच्चता का मतलब यह बिलकुल नहीं है कि वह किसी के प्रति जवाबदेह नहीं है। उन्होंने कहा कि कॉलेजियम संविधान के अनुच्छेद 124(2) के तहत संविधान की रक्षा करने के अपने कत्र्तव्य से मुक्त नहीं हो सकता।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

