वैभव ने देश को दिलाया गोल्ड, चक्का फेंक स्पर्धा में 51.97 मीटर की शानदार दूरी हासिल कर बढ़ाई तिरंगे की शान
बिम्सटेक अंडर-23 अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में सिरमौर के बेटे का डंका
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नाहन
सिरमौर जिला के कालाअंब क्षेत्र के छोटे से गांव जाट्टांवाला के वैभव ने 51.97 मीटर चक्का फेंक कर भारत को गोल्ड पदक दिलाकर सिरमौर जिला के साथ हिमाचल प्रदेश व भारत का नाम रोशन किया है। हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर की माटी के लाल वैभव ने अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए देश का परचम लहराया है। नाहन विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कालाअंब के गांव जाट्टांवाला निवासी रणवीर सिंह राणा के बेटे वैभव ने बिम्सटेक अंडर-23 अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतकर हिमाचल प्रदेश को गौरवान्वित किया है। ओडिशा के भुवनेश्वर स्थित कलिंगा स्टेडियम में 25 से 27 नवंबर तक आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में वैभव ने पुरुष वर्ग की डिस्कस थ्रो यानी चक्का फेंक स्पर्धा में 51.97 मीटर की शानदार दूरी हासिल करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
भारतीय एथलेटिक्स महासंघ की ओर से जारी आधिकारिक परिणाम के अनुसार वैभव ने एशियाई अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता भारत के ही भरतप्रीत सिंह को पछाड़ते हुए यह उपलब्धि हासिल की। भरतप्रीत सिंह ने 49.63 मीटर के साथ रजत पदक, जबकि श्रीलंका के बोजिथ गुणसेकरा ने 44.55 मीटर के प्रदर्शन के साथ कांस्य पदक हासिल किया। वैभव के प्रदर्शन की खास बात यह रही कि उनका एक भी प्रयास फाउल नहीं हुआ। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 2.34 मीटर के अंतर से पराजित किया। स्वर्णिम सफलता हासिल करने के बाद वैभव ने अपनी उपलब्धि का श्रेय अपने गुरु को दिया, वहीं अपने माता-पिता को जीवन का आदर्श बताया। जीत के बाद अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर शान से तिरंगा लहराते वैभव का यह अंदाज हर हिमाचलवासी का गौरवान्वित करने वाला रहा। वैभव की इस शानदार उपलब्धि पर नाहन के विधायक अजय सोलंकी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए वैभव और उनके परिजनों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। वैभव की इस उपलब्धि से देश के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश, जिला सिरमौर और विशेष रूप से नाहन विधानसभा क्षेत्र का नाम रोशन हुआ है। उनकी सफलता क्षेत्र की युवा खेल प्रतिभाओं के लिए प्रेरणादायी है। वहीं ग्राम पंचायत मोगीनंद के प्रधान निखिल चौहान, ग्राम पंचायत सुकेती के प्रधान रामलाल सहित क्षेत्र के अनेक लोगों ने वैभव की स्वर्णिम उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए उनके माता-पिता और गुरु को बधाई दी है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

