अधिकारियों-कर्मचारियों को न मिले सेवाविस्तार

By: Jan 24th, 2017 12:01 am

शिमला —  हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम कर्मचारी संघ ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, निगम के उपाध्यक्ष हरीश जनार्था व प्रबंध निदेशक दिनेश मल्होत्रा से मांग की है कि निगम की आर्थिक स्थिति के मद्देनजर किसी भी कर्मचारी व अधिकारी को पुनः रोजगार व सेवाविस्तार न दिया जाए। संघ के प्रधान सीताराम शर्मा, कार्यवाहक प्रधान मिलकीयत पठानिया, महासचिव कृपाल ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारियों ने कहा है कि निगम की स्थिति इस समय इतनी खराब है कि निगम कर्मचारियों को सही समय पर न तो वेतन मिल रहा है, न डीए किस्त और न ही उनकी बकाया राशि दी जा रही है। उन्होंने कहा कि निगम से जो कर्मचारी सेवानिवृत्त हो रहे हैं, उन्हें लीव-एन-कैशमेंट और ग्रेच्युटी सही समय पर नहीं दी जा रही है, जिससे सेवानिवृत्त कर्मियों में रोष बढ़ रहा है। निगम कर्मचारी नेताओं ने प्रबंधन से आग्रह किया है कि जिन-जिन केटागरी का ग्रेड-पे सरकार काफी सालों से नहीं दे पाई है, उन्हें जल्द प्रदान किया जाए। उन्होंने यह भी मांग की है कि सेवानिवृत्ति की आयु 58 वर्ष ही रखी जाए, ताकि बेरोजगार युवाओं को रोजगार मिल सके।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App