अब तीन हजार रुपए निकले नकली

By: Jan 2nd, 2017 12:15 am

बिलासपुर में लगातार दूसरी बार जब्त राशि पाई गई जाली

newsबिलासपुर – मादक पदार्थों के अलग-अलग अभियोगों में पुलिस द्वारा सीज की गई हजारों रुपए की नकद राशि में से 3000 रुपए के नोट नकली पाए गए हैं। कोर्ट के आदेश पर सिविल नाजर बैंक में राशि जमा करवाने गए तो वहां पता चला कि 3000 रुपए में से 1000 रुपए का एक नोट, जबकि 500 रुपए के चार नोट जाली हैं। सिविल नाजर की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच आरंभ कर दी है। जानकारी के अनुसार एनडीपीएस के अलग अलग-मामलों में आरोपियों से नकद राशि बरामद कर सीज कर रखी है। बिलासपुर के जूनियर मजिस्ट्रेट (प्रथम श्रेणी)  के आदेश पर सिविल नाजर 3000 रुपए की नकद राशि लेकर स्टेट बैंक पटियाला की बिलासपुर शाखा गए तो वहां पैसा जमा करवाने पर प्रबंधन की ओर से अवगत करवाया गया कि तीन हजार रुपए की करंसी जाली है, जिसमें एक हजार रुपए का एक नोट तथा 500 रुपए के चार नोट शामिल हैं। इसके चलते बैंक की ओर से यह राशि वापस कर दी गई। सिविल नाजर ने इस बाबत पुलिस में सूचना दी और पुलिस ने सिविल नाजर की शिकायत दर्ज करते हुए केस रजिस्टर्ड कर तहकीकात शुरू कर दी है। उल्लेखनीय है कि शनिवार को भी ऐसा ही एक मामला सामने आया है। इसके तहत डेढ़ हजार रुपए की नकद राशि नकली पाई गई है जिसमें हजार रुपए का नोट व 500 रुपए का नोट जाली पाया गया। शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App