अब दिन में भी दिल्ली के लिए बस

By: Jan 1st, 2017 12:05 am

नालागढ़ डिपो को मिली दो नई वोल्वो बसें, यात्रियों को मिलेगा लाभ

 नालागढ़ — देश की राजधानी दिल्ली जाने के लिए अब लोगों को नालागढ़ से दिन में भी वोल्वो बस सेवा मुहैया होगी। एचआरटीसी नालागढ़ डिपो नए साल में इस बस सेवा को आरंभ करेगा, जिसके तहत एचआरटीसी नालागढ़ डिपो को दो नई वोल्वो बसें मिल चुकी हैं। बताया जाता है कि नववर्ष के पहले सप्ताह में यह बसें दिल्ली रुट पर बस सेवा मुहैया करवाएगी। नालागढ़ डिपो के पास अब चार वोल्वो बसें हो गई है, जिसमें से दिल्ली रुट पर रात्रि आठ बजे और दिल्ली से वापसी रात्रि 11 बजे यह बस सेवा लोगों को अपनी सेवा दे रही है, लेकिन अब दिन में भी वोल्वो बस अपनी सेवा देना शुरू करेगी, जो नालागढ़ से करीब दस बजे सुबह चलेगी और दिल्ली से वापस सुबह 11 बजे चलेगी। जानकारी के अनुसार अब दिल्ली जाने के लिए नालागढ़ के लोगों सहित उद्योगों के कामगारों को सुबह भी दिल्ली के लिए सीधी वोल्वो बस सुविधा मुहैया होगी। हिमाचल पथ परिवहन निगम नालागढ़ डिपो नालागढ़ से दिल्ली के लिए नए साल में एक और सीधी बस सेवा शुरू करने जा रहा है, जिससे लोगों सहित कामगारों को दिल्ली जाने के लिए दिन में भी अब निगम की सीधी बस सेवा मुहैया होगी। हालांकि दिल्ली के लिए नालागढ़ की बसों के करीब आधा दर्जन रूट चले हुए हैं, लेकिन दोपहर में कोई वोल्वो बस सुविधा नहीं थी। इस बस सेवा से दिल्ली जाने वाले लोगों, व्यापारियों व कामगारों को राहत मिलेगी। वर्णनीय है कि यूपी, बिहार, मध्यप्रदेश, गुजरात, पश्चिमी बंगाल आदि प्रदेशों से कामगार यहां काम करते हैं और अपने घरों को जाने के लिए या तो रेलवे पर निर्भर रहते है या फिर परिवहन निगम की बसों का सहारा लेते हैं। नालागढ़ से ट्रेन की कोई सुविधा न होने से कामगार बसों से कालका, अंबाला कैंट या दिल्ली जाकर रेलवे स्टेशनों से ट्रेन पकड़ते है या फिर सीधी बस सेवा न होने के चलते दिल्ली जाते हंै।  एचआरटीसी नालागढ़ डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक सुरेश धीमान ने कहा कि एचआरटीसी नालागढ़ डिपो को नई दो वोल्वो बसें मिल चुकी है, जिनकी पासिंग करवाई जा रही है और नए साल के पहले सप्ताह में इस बस सेवा को दिल्ली के लिए शुरू कर दिया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App