अरावली सर्वश्रेष्ठ स्वयंसेवी संस्था

By: Jan 13th, 2017 12:05 am

नाहन  —  राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक नाबार्ड द्वारा शिमला में राज्य क्रेडिट सेमिनार 2017-18 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न श्रेणियों में विभागों, बैंकों, स्वयंसेवियों संस्थाओं व किसान क्लबों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम के मुख्यातिथि हिमाचल प्रदेश के मुख्य सचिव बीसी फारका द्वारा वर्ष 2016-17 के लिए अरावली संगठन नाहन को राज्य में सर्वश्रेष्ठ स्वयंसेवी संस्था का प्रथम पुरस्कार और राज्य में सर्वश्रेष्ठ  किसान उत्पादक संगठन के प्रोमोशन संस्थान का भी प्रथम पुरस्कार अरावली संगठन नाहन को ही दिया गया। इसी क्रम में अरावली द्वारा प्रोमोट समृद्धि एग्रो मार्केटिंग सहकारी समिति दीदग को राज्य में सर्वश्रेष्ठ किसान उत्पादक संगठन का प्रथम पुरस्कार दिया गया। राज्य में सर्वश्रेष्ठ किसान क्लब के पुरस्कार में ज्योति किसान क्लब मालोवाला को प्रथम तथा महिला स्वयं सहायता समूहों में राज्य में सर्वश्रेष्ठ  स्वयं सहायता समूह का तृतीय पुरस्कार अरावली के समूह कृष्णा महिला स्वयं सहायता समूह रानीताल को प्रदान किया गया। अरावली संगठन नाहन के निदेशक डा. यशपाल शर्मा ने कहा कि अरावली द्वारा जिला में महिला सशक्तिकरण व आजीविका उपार्जन हेतु जिला में 325 स्वयं सहायता समूह 75 संयुक्त देयता समूह को बैंक से जोड़कर उन्होंने स्वरोजगार स्थापित करने को प्रेरित किया गया है। इसके अतिरिक्त जिला में 125 किसान क्लब तथा 16 किसान उत्पादक समूह का गठन भी किया गया है। कार्यक्रम में अतिरिक्त मुख्य सचिव वित्त एवं योजना डा. श्रीकांत बाल्दी, जेसी शर्मा, रविंद्र कुमार, अमरनाथ तथा सभी विभागों व बैंकों के विभागाध्यक्ष भी उपस्थित थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App