आज उच्च-मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी

By: Jan 6th, 2017 12:01 am

शिमला – हिमाचल प्रदेश के मध्य व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में एक दो स्थानों पर शुक्रवार को मूसलाधार बारिश के साथ बर्फिला तूफान चलेगा। मौसम विभाग ने मध्य व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों के कुछ स्थानों पर शुक्रवार को भारी बारिश व बर्फबारी की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के तहत उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में शुक्रवार को भी उक्त क्रम जारी रहेगा। राज्य भर में आठ जनवरी तक मौसम खराब बना रहेगा, जबकि प्रदेश में नौ से 11 जनवरी तक मौसम शुष्क बना रहने की उम्मीदें जताई जा रही हैं। गुरुवार को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में सुबह के समय मौसम खराब बना रहा, मगर दोपहर बाद बादलों के छटने से सूर्य देवता के दर्शन भी हुए। शाम के समय बादलों के घिरने और ठंडी हवाओं के चलने से ठंड का प्रकोप बढ़ा दिखा। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कोठी में 3.0, कल्पा व केलांग में 2.0 सेटी मीटर हिमपात हुआ। इसके अलावा मनाली में 7.0, चंबा में 1.0, पालमपुर में 0.2 और भुंतर में 0.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। बारिश-बर्फबारी से न्यूनतम तापमान में गिरावट रिकार्ड की गई है, जबकि अधिकतम तापमान में बीते रोज के मुकाबले बढ़ोतरी आई है। अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री तक का उछाल आया है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि गुरुवार को मध्य व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में भारी बारिश व बर्फबारी होगी। प्रदेश में आठ जनवरी तक मौसम कडे़ तेवर दिखाएगा, जबकि राज्य में नौ से 11 जनवरी तक मौसम शुष्क बना रहेगा।

शहरों में गुरुवार का तापमान

शहर       अधिकतम न्यूनतम

शिमला    14.1       4.2

सुंदरनगर  22.2       3.1

भुंतर       17.8       3.4

कल्पा     8.8        -3.8

धर्मशाला   15.8       9.2

ऊना       26.0       7.0

नाहन      19.2       8.4

सोलन     20.2       4.0


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App