आज तय होंगे विदेशी किस्मों के पौधों के दाम

By: Jan 6th, 2017 12:01 am

बागबानी निदेशालय की बैठक में होगा फैसला, बूटे बांटने की तिथियों पर भी चर्चा

शिमला  —  बागबानी विभाग शुक्रवार को विदेशी पौधों के दाम निर्धारित करेगा। इसके लिए शुक्रवार को बागबानी निदेशालय में बैठक होने जा रही है। इस बैठक में प्रदेश भर के बागबानी अधिकारी भाग लेंगे। बैठक में मंत्रणा के बाद ही सेब, चेरी और नाशपाती के विदेशी पौधों के दाम निर्धारित किए जाएंगे। साथ ही पौधों के वितरण की तिथियां भी निर्धारित की जाएंगी। बताते चलें कि बागबानी विभाग इस साल 1.04 लाख विदेशी किस्मों के सेब के पौधे बागबानों को वितरित करने जा रहा है। इसके अलावा चेरी और नाशपाती की उन्नत किस्में भी बागबानों को उपलब्ध करवाई जाएंगी। हिमाचल के बागबान विदेशी किस्म के सेब और दूसरे फल तैयार कर सकेंगे। इस साल विभाग ने बागबानों को 1.08 लाख पौधे उपलब्ध करवाने की तैयारी कर ली है, जो कि इटली से मंगवाए गए हैं। इनमें से 1.04 लाख पौधे सेब के और 1802 पौधे नाशपाती व 2162 पौधे चेरी के शामिल हैं। सेब की जो किस्में बागबानों को दी जाएंगी, उनमें रेडकैप वोल्टोड, रेडम गाला, गेलगाला, सन यूजी, रेड यूजी, ग्रेनि स्मिथ, युविल अर्ली यूजी, जेरोमाइन, सुपरचीफ जैसी किस्में शामिल हैं। नाशपाती में कारमन व कनकोर्ड किस्म के पौधे शामिल हैं। चेरी में रेजिना और ग्लोरी किस्म शामिल है। इसके अलावा विदेशों से मंगवाए  गए सेब, चेरी और नाशपाती के 36089 पौधों को विभाग बागीचों में लगाएगा। बागबानी विभाग के 16 बागीचों के अलावा बागबानी विश्वविद्यालय नौणी, सोलन और कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर के एक-एक बागीचों में भी इनको लगाया जाएगा। यहां किसान और बागबान इन नई और उन्नत किस्मों के पौधों की पैदावार को देख सकेंगे और उनको इनका प्रशिक्षण भी इस बारे में दिया जा सकेगा। यही नहीं, अब की बार बागबानी विभाग ने इटली से मंगवाए गए सेब, नाशपाती, चेरी, प्लम और आड़ू के 78346 रूट स्टॉक आयात किए हैं। इनमें सबसे ज्यादा 71900 रूट स्टॉक सेब, 1959 रूट स्टॉक चेरी, तीन हजार नाशपाती, 992 प्लम और 500 रूट स्टॉक आड़ू के शामिल हैं।  सेब के जो रूट स्टॉक मंगवाए गए हैं, उनमें एम-9, एम-11, एम-106, एम-116 के अलावा एमला-9, एमला-106, एमला-111 रूट स्टॉक शामिल हैं। चेरी के जो रूट स्टॉक मंगवाए गए हैं,  जेनेवा किस्म के हैं। इनमें जी-5, जी-6 रूट स्टॉक शामिल हैं। नाशपाती की भी उन्नत किस्म के रूट स्टॉक, बीए-29, टिक्सी और मायरोबालान भी बागबानों को उपलब्ध करवाए जाएंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App