आज होगी भारी बर्फबारी!

By: Jan 15th, 2017 12:05 am

शिमला – वीक एंड पर शिमला व पर्यटक स्थल कुफरी में भारी संख्या में सैलानी पहुंचे हैं। मगर सैलानियों की आमद बीते वीक एंड से कम आंकी गई है। वीक एंड पर सैलानियों के कम संख्या में पहुंचने के पीछे मौसम विभाग द्वारा जारी भारी बर्फबारी की चेतावनी कारण माना जा रहा है। मगर शिमला में बर्फबारी के बाद बढ़ी सैलानियों की संख्या से कारोबारी खुश नजर आ रहे हैं। वीक एंड पर शिमला के रिज मैदान, जाखू में सैलानियों की खूब भीड़ देखी गई। इन स्थलों पर सैलानियों को बर्फ में मौज-मस्ती करते हुए पाया गया। होटल एसोसिएशन के प्रधान हरनाम कुकरेजा ने कहा कि वीक एंड पर शिमला में काफी संख्या में सैलानी पहुंचे हैं। मगर बीते शनिवार के मुकाबले उक्त आमद कम है। मौसम विभाग ने शिमला के कुछ क्षेत्रों में रविवार को भारी बर्फबारी की चेतावनी जारी की है, जो क्रम सोमवार को भी जारी रहेगा। विभाग ने शिमला में 18 जनवरी तक मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान लगाया है। जिला में शनिवार को सुबह के समय हल्की धूप खिली। मगर दोपहर बाद बादलों के उमड़ने से ठंड का प्रकोप बढ़ा दिखा। हालांकि जिला की न्यूनतम तापमान में शुक्रवार के मुकाबले हल्की बढ़ौतरी आई है। मगर अधिकतम तापमान में गिरावट आंकी गई है।

बर्फबारी से निपटने को पुख्ता इंतजाम

मौसम विभाग की चेतावनी के बाद प्रशासन ने बर्फबारी से निपटने के लिए पुख्ता इंतजाम कर दिए हैं। मार्गों पर जगह-जगह रेत डाल दी गई है। वहीं, शहर में विभिन्न स्थलों पर मशीनें भी खड़ी कर दी गई है, ताकि जनता की सुविधा के लिए समय पर राहत कार्य हो सके।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App