आधी रात तक राहत कार्यों में डटे रहे कर्मचारी

By: Jan 14th, 2017 12:05 am

शिमला  – राजधानी में नगर निगम ने बर्फ हटाने के लिए युद्ध स्तर पर काम चलाया है। नगर निगम के कर्मचारी आधी रात तक सड़कों पर काम करते रहे और खुद नगर निगम के आयुक्त पंकज राय इस काम की निगरानी करते रहे। प्रदेश में बीते दिनों हुई बर्फबारी का राजधानी शिमला पर भी व्यापक असर पड़ा है। राजधानी में डेढ़ से दो फुट तक की बर्फ अधिकांश हिस्सों में गिरी थी। बर्फबारी से शहर की सड़कें बंद हो गई थीं, वहीं पेयजल और विद्युत आपूर्ति भी प्रभावित हो गई थी। इस स्थिति से निपटने के लिए नगर निगम शिमला ने जोरों शोरों से काम चलाया। जैसे-जैसे मौसम साफ हो रहा है, वैसे-वैसे सड़कों और रास्तों पर बर्फ जम रही है। ऐसे में नगर निगम ने शहर की सड़कों व रास्तों पर जमी बर्फ को हटाने के लिए पूरी ताकत  झौंक दी। नगर निगम के कर्मचारी  आधी रात तक सड़कों पर जमी बर्फ को हटाने का काम करते रहे। नगर निगम के आयुक्त पंकज रॉय और अन्य अधिकारी मौके पर ही डटे रहे और अपने कर्मचारियों का मार्गदर्शन करते रहे। नगर निगम ने युद्ध् स्तर पर काम करते हुए अपने अधीन पड़ने वाली अधिकांश सड़कों और रास्तों से बर्फ हटाने का काम किया है, वहीं जहां बर्फ जम गई है वहां पर पर रेत और बजरी डालने का काम भी जोरों पर किया जा रहा है। शहर के उपनगरों में भी रास्तों से बर्फ हटाने के लिए नगर निगम ने लेबर लगाई। इससे लोगों को भी कुछ राहत मिली है। उधर शहर में पानी की आपूर्ति में भी सुधार हुआ है। नगर निगम को गु मा खड्ड से करीब 16 एमएलडी पानी मिला है। यहां से बीते  कुछ दिनों से लगातार सप्लाई आ रही है। वहीं गिरी परियोजना  से भी शहर को पानी की पर्याप्त आपूर्ति शुक्रवार को हुई। नगर निगम के अधिकारियों की मानें  तो शुक्रवार को इस परियोजना से पर्याप्त पानी मिला है, इससे शहर में पेयजल की आपूर्ति में भी काफी सुधार आने की संभावना है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App