आह! चंबा से शिमला तक बर्फ ही बर्फ

By: Jan 17th, 2017 12:05 am

NEWSशिमला — हिमाचल में बर्फबारी एक बार फिर से आफत बनकर बरसी है। बर्फबारी से जहां पहले ही चार दर्जन से अधिक सड़कें बंद पड़ी हुई थीं वहीं अब ताजा बर्फबारी ने भारी संख्या में और भी सड़कें बंद कर दी हैं। राज्य में बर्फबारी से 310 सड़कें फिर से बंद हो गई हैं और इनमें तीन राष्ट्रीय राजमार्ग भी शामिल हैं।  प्रदेश में रविवार की रात और सोमवार को फिर बर्फबारी हुई है।  लोक निर्माण विभाग पिछली बर्फबारी से बंद सड़कों को खोलने का प्रयास कर  रहा था और अब ताजा बर्फबारी ने विभाग का काम और भी बढ़ा दिया है। पहले 607 सड़कें बंद हो गई थीं और इसके बाद इन सड़कों को खोलने का काम युद्ध स्तर पर किया जा रहा था। विभाग ने रविवार तक प्रदेश में पहले से बंद 556 सड़कों को खोल दिया था। वहीं ताजा बर्फबारी से सोमवार सुबह तक राज्य में  370 सडकें बंद हो गई थीं। इसके बाद लोक निर्माण विभाग ने सोमवार को 60 सड़कें खोल दी हैं, लेकिन अभी भी 310 सडकें बर्फबारी से बंद पड़ी हुई हैं।  विभाग से मिली जानकारी के  अनुसार राज्य में बंद पड़ी सड़कों को खोलने का काम युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। विभाग ने करीब 12 हजार श्रमिकों को इस काम में लगा रखा है। इसके अलावा 214 मशीनें भी बर्फ हटाने के काम में लगाई हैं। इनमें 180 जेसीबी  शामिल हैं, जिनमें से 131 निजी जेसीबी किराए पर ली गई हैं,जबकि 49 जेसीबी विभाग की अपनी हैं। विभाग ने ज्यादा  बर्फ वाले इलाकों में 30 डोजर भी तैनात कर रखे हैं। ताजा बर्फबारी के बाद राष्ट्रीय राजर्माग नंबर पांच कुफरी और नारकंडा से समीप यातायात के लिए पूरी तरह से बंद हो गया है। लूहरी-औट राजमार्ग, जिसको लोक निर्माण विभाग ने बीते दिन छोटे वाहनों के लिए खोल दिया था,  अब फिर से बंद हो गया है। चौपाल जाने वाला मार्ग भी भारी बर्फबारी के चलते बंद हो गया है। शिमला, कुल्लू, मंडी और चंबा के पांगी व भरमौर इलाकों में कई सड़कें बर्फबारी से बद हो गई हैं। राज्य के ग्रामीण इलाकों में कई सड़कें बंद हो गई हैं और इससे इन स्थानों पर लोगों को जूझना पड़ रहा है। सड़कें बंद होने से इन पर यातायात बंद हो गया है और इससे इन इलाकों के लोगों को कई किलोमीटर पैदल चलना पड़ रह रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App