एक फीसदी अमीरों के पास 58 फीसदी दौलत

By: Jan 17th, 2017 12:05 am

ऑक्सफैम ने जारी किए भारत में आर्थिक विषमता के चौंकाने वाले आंकड़े

NEWSNEWSNEWSदावोस— देश में लोगों की आय में असमानता की खाई किस तेजी से बढ़ रही है, इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि देश की 58 प्रतिशत संपत्ति पर यहां की महज एक फीसदी आबादी का कब्जा है। यह आंकड़ा 50 प्रतिशत के वैश्विक आंकड़े से ज्यादा है। ऑक्सफैम ने अपनी स्टडी का यह नतीजा तब पेश किया है, जब वर्ल्ड इकॉनोमिक फोरम की सालाना बैठक में शामिल होने दुनियाभर के दौलतमंद दावोस पहुंचने वाले हैं। स्टडी में सामने आया है कि भारत के सिर्फ 57 महाधनवान लोगों के पास करीब 15 लाख करोड़ रुपए की संपत्ति है। इतनी ही राशि देश के उन 70 प्रतिशत लोगों के पास है, जो आर्थिक हैसियत के हिसाब से निचले पायदान पर खड़े हैं। वैश्विक स्तर पर तो स्थिति और भी खराब है। स्टडी कहती है कि दुनिया के सिर्फ और सिर्फ आठ महाधनवानों के पास इतनी दौलत है, जितनी आधी गरीब आबादी के पास है। मतलब, इन आठ महाधनवानों के पास दुनिया की 50 प्रतिशत आबादी के बराबर की संपत्ति है। स्टडी के मुताबिक, भारत में कुल 84 अरबपति हैं, जिनके पास करीब 16 लाख करोड़ रुपए मूल्य की संपत्ति है। अरबपतियों को इस सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) के मालिक मुकेश अंबानी कुल 1.31 लाख करोड़ रुपए की कुल संपत्ति के साथ शीर्ष पर हैं। उनके बाद दिलीप सांघवी (करीब 1.13 लाख करोड़) और अजीम प्रेमजी (1.02 लाख करोड़) का नंबर है। ऑक्सफैम की स्टडी में देश की कुल संपत्ति करीब 211 लाख करोड़ रुपए आंकी गई है, जबकि दुनिया की कुल संपत्ति करीब 17427 लाख करोड़ रुपए बताई गई है। दुनिया की इस संपत्ति में करीब 4500 लाख करोड़ रुपए की संपत्ति महज आठ महाधनवानों के पास है। इस सूची में बिल गेट्स करीब पांच लाख करोड़ रुपए की संपत्ति के साथ शीर्ष पर हैं। इस सूची में अमांसियो ऑर्तेगा (करीब 4.5 लाख करोड़ रुपए) दूसरे, जबकि वॉरेन बफेट (करीब 4.14 लाख करोड़ रुपए) तीसरे नंबर पर हैं। ‘एन इकॉनोमी फार 99 पर्सेंट’ के नाम से जारी इस स्टडी रिपोर्ट में ऑक्सफैम ने ह्यूमन इकॉनोमी के निर्माण की वकालत की है, जिससे हरेक व्यक्ति को फायदा होगा, न कि मुट्ठीभर सुविधा संपन्न लोगों को। रिपोर्ट कहती है कि साल 2015 से एक प्रतिशत महाधनवान लोगों ने दुनिया के बाकी 99 प्रतिशत लोगों के बराबर की संपत्ति पर कब्जा कर रखा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App