एससी मोर्चा दिलाएगा भाजपा को जीत

By: Jan 18th, 2017 12:05 am

नूरपुर —  भाजपा संगठनात्मक जिला नूरपुर के एससी मोर्चा की एक बैठक मंगलवार को नूरपुर के लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह के प्रांगण में हुई। इसकी अध्यक्षता एससी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष डा. सिकंदर ने की। बैठक में भाजपा जिला नूरपुर के चारों विधानसभा क्षेत्रों के एससी मोर्चे के अध्यक्ष व पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में भाजपा संगठनात्मक जिला नूरपूर के महामंत्री ठाकुर रणवीर सिंह निक्का विशेष रूप से मौजूद थे। इस मौके पर भाजपा एससी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष डा. सिकंदर ने उपस्थित पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आने वाले विधानसभा चुनावों में भाजपा का एससी मोर्चा महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और भाजपा प्रदेश में 50 से ज्यादा सीटें जीतकर बहुमत से सरकार बनाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मेरा बूथ-सबसे मजबूत कार्यक्रम के तहत एक बूथ पर पांच सदस्य बनाने को कहा, ताकि आने वाले विस चुनावों में पार्टी मजबूती से आगे बढ़े। इस मौके पर भाजपा संगठनात्मक जिला नूरपुर के महामंत्री रणवीर सिंह निक्का ने भी उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी को और मजबूत बनाने के लिए पार्टी कार्यकर्ता अभी से जुट जाए तथा आने वाले विधानसभा चुनावों में भाजपा को भारी बहुमत से जिताएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में इस बार भाजपा 50 से ज्यादा सीटें जीत एक ऐतिहासिक जीत हासिल करेगी और प्रदेश में अपनी सरकार बनाएगी। इस मौके पर भाजपा संगठनात्मक जिला नूरपुर के एससी मोर्चा के अध्यक्ष केवल सिंह व भाजपा मंडल नूरपुर के अध्यक्ष लेखराज शर्मा ने भी उपस्थित लोगों को संबोधित किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App