कल होगा सबसे ठंडा दिन

By: Jan 14th, 2017 12:02 am

आगामी तीन दिन तक जारी रहेगी शीतलहर, सामान्य से कम रहेगा न्यूनतम तापमान 

नई दिल्ली— उत्तर और मध्य भारत में आगामी दिनों में भी जबरदस्त ठंड और शीतलहर से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो-तीन दिनों में यह क्षेत्र शीतलहर की चपेट में आ सकते हैं। इसका असर 15 जनवरी को सबसे ज्यादा हो सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, एक हफ्ते तक सर्दी से राहत मिलने की संभावना नहीं है, क्योंकि 21 जनवरी तक देश के ज्यादातर हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम ही रहेगा। विभाग ने अगले दो हफ्ते के अपने अनुमान में बताया कि तापमान में गिरावट का प्रमुख कारण पश्चिमी विक्षोभ के साथ पश्चिमी हिमालयन क्षेत्र (जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड) में बारिश या बर्फबारी है, जो 14 से 17 जनवरी तक जारी रह सकता है। इससे लगे हुए मैदानी इलाकों में भी 15 से 17 जनवरी के दौरान बारिश हो सकती है। 15 जनवरी को बहुत ज्यादा ठंड होगी। विभाग ने कहा कि अगले दो से तीन दिन में पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ क्षेत्रों में शीतलहर से तीव्र शीतलहर आने की संभावना है। वहीं बिहार, मध्य प्रदेश, विदर्भ और अंदरूनी ओडिशा के कुछ हिस्सों में भी शीतलहर का प्रकोप देखा जा सकता है। अगले दो हफ्ते के दौरान सामान्य बारिश हो सकती है। विभाग ने कहा कि 21 जनवरी तक कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रहने की संभावना है। 22 से 26 जनवरी के बीच, उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान सामान्य या सामान्य से ज्यादा रह सकता है। विभाग ने कहा कि उत्तर-पश्चिम, पूर्वी और इनसे लगते मध्य भारत के हिस्सों में 26 जनवरी तक अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे रह सकता है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App