कांग्रेस-सपा गठबंधन जीतेगा 300 सीटें

By: Jan 25th, 2017 12:02 am

सुल्तानपुर— भाजपा को सपने बेचने वाला दल करार देते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को दावा किया कि विकास के लिए कृतसंकल्प कांग्रेस-सपा गठबंधन विधानसभा चुनाव में कम से कम 300 सीटों पर जीत का परचम लहराएगा। सुल्तानपुर के सदर (जयसिंहपुर) विधानसभा क्षेत्र में मोतिगरपुर के लपटा गांव में चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत करते हुए श्री यादव ने कहा कि हम अकेले चुनाव लड़ते तो शायद 200 या 225 सीटें जीतते, लेकिन अब कांग्रेस साथ है तो हम कम से कम 300 सीटें जीतेंगे। हम पहले से और मजबूत हो गए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपाने वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव जनता को अच्छे दिन का सपना दिखाया और इसकी बदौलत केंद्र में अपनी सरकार बना ली। अढ़ाई साल से अधिक समय बीत गया मगर अच्छे दिन दूर-दूर तक कहीं नहीं दिख रहे हैं। इसके विपरीत प्रदेश की समाजवादी सरकार ने अपने सारे वादे पूरे कर साबित किया कि हम जो कहते है, वह करके दिखाते हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App