किसी को न हो बिजली-पानी की टेंशन

By: Jan 17th, 2017 12:05 am

शिमला  – जिला में बर्फबारी से प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक सेवाओं को बहाल करने के लिए जिला प्रशासन ने सोमवार सुबह की राहत कार्य आरंभ कर दिया। उपायुक्त शिमला रोहन चंद ठाकुर ने सोमवार सुबह विभिन्न क्षेत्रों में जाकर राहत कार्यों का निरीक्षण किया तथा लोगों को समयबद्ध विभिन्न सेवाएं प्रदान करने के लिए किए जा रहे राहत कार्यों में और तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि शिमला शहर में आवाजाही को सुचारू बनाने के लिए अधिकांश मार्गों से बर्फ को हटा दिया गया है। शिमला में विद्युत आपूर्ति सामान्य बनी हुई है। रोहन चंद ठाकुर ने बताया कि जिन सड़कों और मार्गों में बर्फ  काफी जम गई थी और फिसलन की संभावना बनी हुई थी, वहां नमक डालकर आवाजाही को सुचारू बनाया गया। इस कार्य के लिए लोक निर्माण विभाग, नगर निगम शिमला और जिला पुलिस को नमक उपलब्ध करवाया गया है। फागु से ढली, शिमला से मंडी, शिमला-चंडीगढ़, नालदेहरा-ढली, कार्टरोड, विक्ट्री टनल-संजौली सड़कें यातायात के लिए खोल दी गई हैं। सभी अस्पतालों तथा महत्त्वपूर्ण स्थलों की ओर जाने वाले मार्गों को भी आवाजाही के लिए सुचारू बनाया गया है। बर्फबारी के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए पुलिस विभाग ने पहले से ही पूर्ण तैयारी की थी। इसके साथ-साथ चिन्हित स्थलों पर मशीनरी तैनात की गई थी। इससे बर्फ  को सोमवार सुबह अतिशीघ्र हटाने में काफी मदद मिली। शिमला के सभी उपमंडलों में जन सेवाओं को सामान्य बनाए रखने के लिए उपमंडलाधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने बताया कि रामपुर में सोमवार सुबह 10:30 बजे तक बर्फबारी के कारण 15 सड़कें और कुमारसैन में 19 सड़कें यातायात के लिए बाधित हो गई थी, जिन्हें सुचारू बनाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। रामपुर में 395 विद्युत ट्रांसफार्मर और कुमारसैन में 208 ट्रांसफार्मर सामान्य रूप से काम कर रहे हैं। यहां जलापूर्ति सामान्य है। ननखड़ी क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति सामान्य है। ठियोग उपमंडल में मुख्य सड़कों को यातायात के लिए सुचारू बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं तथा मतियाना तथा संधु क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति शीघ्र सामान्य कर दी जाएगी। ठियोग क्षेत्र में जलापूर्ति सामान्य हैं। रोहड़ू, व जुब्बल क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति सामान्य है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App