कौशल विकास भत्ते पर युवाओं से छल

By: Jan 8th, 2017 12:03 am

पूर्व कर्मचारी प्रकोष्ठ के संयोजक ने कांग्रेस पर जड़ा आरोप

newsहमीरपुर— प्रदेश सरकार ने कर्मचारियों के साथ अन्याय किया है। अपने घोषणा पत्र में किए गए वादे राज्य सरकार पूरा नहीं कर पाई है। कौशल विकास भत्ते के नाम पर बेरोजगार युवाओं को छला गया है। ये शब्द भाजपा पूर्व कर्मचारी प्रकोष्ठ के संयोजक घनश्याम शर्मा ने कहे। उन्होंने कहा कि शिक्षित बेरोजगारों, किसान, बागबानों को सब्जबाग दिखाकर कांग्रेस सत्ता में आई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने 36 हजार करोड़ का ऋण लिया, उसे कहां व्यय किया गया। प्रदेश सरकार ने फिजूल खर्ची पर यह सारा पैसा बहाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार का चार वर्ष का कार्यकाल पूरी तरह से फ्लॉप रहा है। श्री शर्मा ने कहा कि लोगों तक केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को पहुंचाया जाएगा। साथ ही प्रदेश सरकार की नाकामियां भी जगजाहिर की जाएंगी। इसके लिए भाजपा पूर्व कर्मचारी प्रकोष्ठ ने रणनीति तैयार कर ली है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने पूर्व कर्मचारियों को 65, 70 और 75 वर्ष आयु पर वित्तीय लाभ देने का वादा किया था, यह वादा भी पूरा नहीं कर पाई है। कर्मचारियों को 4-9-14 का लाभ भी पंजाब की तर्ज पर नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के नेतृत्व वाली सरकार में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है, मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा है कि बेरोजगारी भत्ता देना संभव नहीं है। प्रदेश में भाजपा की सरकार के समय 72 हजार करोड़ से कर्मचारियों को लाभ पहुंचाया गया है। जेसीसी का गठन भी पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के नेतृत्व में हुआ है। साथ ही कर्मचारी कल्याण बोर्ड के गठन का श्रेय भी भाजपा को जाता है। उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा सौंपी गई चार्जशीट में सभी मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया है। आगामी समय में प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी। इस अवसर पर उनके साथ भाजपा पूर्व कर्मचारी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष अनिल ठाकुर, संयोजक पुरुषोत्तम ठाकुर सहित विभिन्न ब्लॉकों के बूथ प्रभारी उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App