खजियार में चार इंच बर्फ

By: Jan 7th, 2017 12:05 am

चंबा —  विश्वप्रसिद्ध पर्यटन स्थल खजियार ने शुक्रवार को बर्फ  की सफेद चादर ओढ़ ली है। शुक्रवार को खजियार में चार इंच बर्फबारी रिकार्ड की गई है। ताजा बर्फबारी के बाद खजियार के होटल कारोबारियों के मुरझाए चेहरे खिल उठे हैं। होटल कारोबारियों को बर्फ में अठखेलियों के लिए आगामी दिनों में पर्यटकों की भीड़ उमड़ने से मंदी की मार से निजात मिलने की उम्मीद जगी है। बर्फबारी के चलते खजियार मार्ग पर फिसलन भी बढ़ गई है। बर्फबारी के बीच लोक निर्माण विभाग ने खजियार मार्ग से मशीनरी के सहयोग से बर्फ  हटाने का काम युद्धस्तर पर आरंभ कर दिया है। खजियार में बर्फबारी का दौर लगातार जारी है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार को खजियार में सीजन की पहली बर्फबारी हुई है। शुक्रवार को खजियार में चार इंच तक बर्फ  गिर चुकी है। बर्फबारी के बीच पेयजल व बिजली व्यवस्था सामान्य रहना फिलहाल लोगों के लिए राहत की बात है। खजियार के होटल कारोबारी इस बर्फबारी को पर्यटन कारोबार के लिए संजीवनी मान रहे हैं। उन्होंने बताया कि बर्फबारी से पर्यटक खजियार की हसीन वादियों का रूख करेंगें। बर्फबारी का लुत्फ  उठाने के लिए लोगों ने खजियार की राह पकड़नी भी आरंभ कर दी है। बर्फबारी के बीच लोक निर्माण विभाग ने मशीनरी के सहयोग से चंबा-खजियार मार्ग से बर्फ  हटाने का काम आरंभ कर यातायात बहाली के लिए प्रयास आरंभ कर दिए हैं। लोक निर्माण विभाग का दावा है कि चंबा-खजियार मार्ग पर यातायात बहाल रखने का हरसंभव प्रयास किया जा रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App