घूमने के बहाने विदेशी कर रहे नशे की तस्करी

By: Jan 7th, 2017 12:01 am

दो साल में पुलिस के हत्थे चढ़े 11 स्मगलर फॉरेन टूरिस्ट

धर्मशाला – देवभूमि हिमाचल में घूमने के बहाने आने वाले विदेशी पर्यटक भी सूबे में नशे के अवैध धंधों में संलिप्त हो रहे हैं। पिछले दो सालों में करीब एक दर्जन विदेशी नागरिक नशे के कारोबार में संलिप्तता के चलते पुलिस के हत्थे चढ़े हैं। इतना ही नहीं प्रदेश में 2015 की अपेक्षा 2016 में नशे के मामलों में बढ़ोतरी हुई है। इस दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में नशे के उत्पाद भी जब्त किए हैं। हिमाचल में घूमने के बहाने आने वाले विदेशी पर्यटक भी नशे के उत्पादों की तस्करी कर रहे हैं। 2015 में पुलिस ने 622 नशा तस्करी के मामले दर्ज किए थे। इनमें 732 तस्करांे को सलाखों के पीछे पहुंचाया गया था। इस साल पुलिस ने गिरफ्तार किए तस्करों में से छह विदेशी नागरिकों को भी नशा उत्पादों की तस्करी के आरोपांे में गिरफ्तार भी किया था। इसके अलावा 2016 में नशा तस्करी के मामलों में बढ़ोतरी हुई थी। इस साल 30 नवंबर तक ही पुलिस ने राज्य भर में विभिन्न थानों के तहत 842 मामले दर्ज किए थे। इनमें 981 आरोपियों को पुलिस ने हवालात में पहुंचाया था। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से पांच विदेशी नागरिकों को भी पुलिस ने नशे के उत्पादों की तस्करी करने के आरोपों के चलते गिरफ्तार किया था। इतना ही नहीं इन दो सालों में पुलिस ने भारी मात्रा में नशे के उत्पादों को भी जब्त किया है। वर्ष 2015 में पुलिस ने अफीम की 7.06 बीघा जमीन, जबकि भांग की 3004.05 बीघा जमीन में खेती को नष्ट किया। नवंबर 2016 तक पुलिस ने प्रदेश में 8.07 बीघा में अफीम तथा 17627.19 बीघा जमीन में भांग की खेती को नष्ट किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App