चार बीवी, 40 बच्चे पर फंसे साक्षी महाराज

By: Jan 8th, 2017 12:05 am

newsमेरठ— विधानसभा चुनावों की तारीखों के ऐलान के साथ ही सियासी बयानबाजियों का दौर भी शुरू हो गया है। अपने बयानों से चर्चा में रहने वाले भाजपा नेता और उन्नाव से सांसद साक्षी महाराज ने देश में बढ़ती आबादी के लिए इशारों-इशारों में मुस्लिम समुदाय को जिम्मेदार ठहराकर नया विवाद खड़ा कर दिया है। साक्षी के इस बयान पर कांग्रेस और दूसरे विपक्षी दलों ने कड़ा एतराज जताया है। उत्तर प्रदेश के चीफ इलेक्शन आफिसर ने साक्षी के बयान को लेकर रिपोर्ट तलब की है। बता दें कि चुनाव की तारीखों के ऐलान के साथ ही यूपी में आदर्श आचार संहिता लागू है। वहीं मेरठ थाने में उनके विवादित बयान को लेकर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उधर, भाजपा ने साक्षी महाराज के बयान से किनारा कर लिया है। केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने इसे साक्षी का निजी बयान बताते हुए कहा कि इसे भाजपा का स्टैंड नहीं समझा जाना चाहिए। मेरठ में एक मंदिर के उद्घाटन समारोह में लोगों को संबोधित करते हुए साक्षी महाराज ने कहा कि देश की आबादी हिंदू नहीं, बल्कि चार पत्नियां और 40 बच्चों वाले लोगों की वजह से बढ़ रही है। उन्होंने आगे कहा कि चार बीवी और 40 बच्चे वाली बात अब आगे नहीं चलेगी। साक्षी ने हालांकि अपने भाषण में किसी समुदाय का नाम नहीं लिया, लेकिन उनका निशाना मुस्लिमों से जोड़कर ही देखा जा रहा है। साक्षी महाराज ने सरकार से जल्द से जल्द यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) को लागू करने की भी मांग की। बाद में एक टीवी चैनल से बात करते हुए साक्षी महाराज ने कहा कि उन्होंने किसी समुदाय का नाम नहीं लिया है और उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वह चुनाव आयोग के एक्शन का सामना करने को भी तैयार हैं। साक्षी ने कहा कि हमें तो इनाम मिलना चाहिए। हम चार भाई हैं और चारों संन्यासी हैं तो बच्चे पैदा करने का कोई सवाल ही नहीं है। उधर, उत्तर प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और विधायक अखिलेश प्रताप सिंह ने साक्षी महराज के बयान को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए गए वादों से ध्यान हटाने की एक चाल बताया है। उन्होंने सांसद साक्षी महाराज को संसद और पार्टी से निष्कासित किए जाने की भी मांग की।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App