चिड़गांव में अलग से खुले अग्निशमन केंद्र

By: Jan 22nd, 2017 12:05 am

रोहड़ू – चिड़गांव के तांगणू में आग की घटना के दौरान स्थानीय प्रशासन ने जो काम किया है, वह सराहनीय है। इस आगजनी में तांगणू गांव के 54 मकान आग की भेंट चढ़े हैं, जिसमें 24 प्रभावितों को मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत लाया गया है, जबकि अन्य प्रभावित परिवारों को भी इस योजना के तहत लाया जाना चाहिए। रोहड़ू सर्किट हाउस में शनिवार को पत्रकार वार्ता में यह जानकारी देते हुए शिमला लोकसभा सांसद वीरेंद्र कश्यप ने बताया कि रोहड़ू और चिड़गांव के क्षेत्र के गांव काफी दूर-दूर हैं, जहां फायर ब्रिगेड का पहुंचना समय पर कठिन है। इसलिए भविष्य में दूरदराज के क्षेत्रों में होने वाली आगजनी की घटनाओं को देखते हुए चिड़गांव में अलग अग्निशमन केंद्र खोले जाने का भी सरकार से आग्रह किया गया। श्री कश्यप ने बताया कि आगजनी की यह बहुत भयानक घटना है, इसलिए हम इस विषय को विशेष रूप से रखेंगे। अन्य मुद्दों पर चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने पिछले अढ़ाई वर्षों के कार्यकाल में देश के विकास में बहुआयामी कार्यों को किया है, वहीं अंग्रेजी शासन काल से चले आ रहे कई कानूनों को संशोधित एवं समाप्त किया है, जिनका वर्तमान में कोई औचित्य नहीं है। वहीं पाकिस्तान को विश्व मंच पर आतंकवाद का शरणस्थल साबित कर उसे निचा दिखाया है। इससे हमारा विरोधी दुनिया के सामने अकेला साबित हुआ है। मोदी सरकार ने देश को कांग्रेस मुक्त कर लगातार भ्रष्टाचार मुक्त बनाया है। सरकार ने विशेष जांच दल बनाकर काले धन को लाने का भी प्रयास किया है। उन्होंने बताया कि मोदी सरकार ने हाल ही में विमुद्रीकरण कर आतंकवाद व नक्सलवाद जैसी घटनाओं को भी पूरी तरह  खत्म किया है। वहीं पाकिस्तान से आने वाली जाली करंसी का प्रचलन बंद हुआ है, जिसे देश की जनता के सहयोग से सफल बनाया गया है। श्री कश्यप ने बताया कि केंद्र सरकार काले धन को समाप्त कर गरीबों के कल्याण के लिए योजनाएं लाएगी। इससे देश से गरीबी एवं अमीरी के अंतर को मिटाया जाएगा। वहीं गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य को लेकर छह हजार रुपए देने की एक विशेष पहल की गई है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस ने देश में 60 वर्षों में भ्रष्टाचार एवं काले धन के सिवाय कुछ नहीं दिया। वहीं मोदी सरकार के नोटबंदी के फैसले का शुरू में तो स्वागत किया, लेकिन जैसे ही देश की जनता ने इस फैसले पर अपना सहयोग देना शुरू किया तो वे इसके खिलाफ खड़े हो गए। इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेश भ्रांटा, प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य सत्या प्रकाश शुक्ला, रोशन लाल बांश्टू, राजिंद्र सिंह धीरटा, कुलभूषण हिमालयन, शशिबाला सहित 35 के करीब भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App