चुनावी चटकारे

By: Jan 19th, 2017 12:02 am

आजम बोले, मेरे दोनों हाथों में लड्डू

नई दिल्ली — समाजवादी पार्टी में मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव के बीच सुलह से खुश प्रदेश सरकार के मंत्री आजम खान ने कहा कि उनके दोनों हाथों में लड्डू हैं। आजम ने कहा कि अखिलेश भी हमारे और नेताजी भी हमारे हैं। रामपुर में बुधवार को सपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए खान ने यह बातें कहीं। उन्होंने कहा कि पार्टी, निशान और रिश्ते; सभी बच गए। इसमें हमने पुल का काम किया। हमेशा इत्तेहाद (एकता) की कोशिश की। सपा कार्यकर्ता पार्टी में चल रही कलह से परेशान थे। हमारी और आपकी दुआएं काम आईं। मामला सुलझ गया। आजम ने कहा कि हम पार्टी बनाने वालों में से हैं, जब तक दुनिया रहेगी, समाजवादी सोच जिंदा रहेगी। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव हमें बहुत प्रिय हैं। नेताजी से भी मेरे रिश्ते अच्छे हैं।

बांके बिहारी की शरण में भाजपा नेता

मथुरा — भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सचिव और मथुरा के वृंदावन क्षेत्र से घोषित हुए प्रत्याशी श्रीकांत शर्मा दर्जनों गाडि़यों के काफिले के साथ वृंदावन पहुंचे, जहां उन्होंने सबसे पहले बांके बिहारी जी के दर्शन किए। बांके बिहारी मंदिर के दर्शन करने के बाद श्रीकांत शर्मा ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि सुशासन, ब्रज के चहुमुखी विकास और मां यमुना जी की शुद्धिकरण के मुद्दे पर चुनाव लड़ रहे हैं। बता दें कि श्रीकांत ने दावा किया है कि उत्तर प्रदेश में पूर्ण बहुमत से भाजपा की सरकार बन रही है। वहीं, उन्होंने यह भी कहा कि जैसे 14 साल बाद भगवान राम वनवास से वापस आए थे। वैसे ही भाजपा सुशासन के साथ उत्तर प्रदेश में वापसी कर रही है। श्रीकांत ने बहुमुखी रूप से ब्रज के विकास करने की भी बात कही है।

बसपा प्रत्याशी को मारने की धमकी

मऊ — जेल में बंद मऊ जिला के सदर विधानसभा सीट से बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी के गुर्गों ने इसी सीट से बहुजन समाज पार्टी से चुनाव लड़ रहे मनोज राय को जान से मारने की धमकी दी है। घमकी मिलने के बाद बसपा प्रत्याशी मनोज राय चुनाव आयोग से सुरक्षा की गुहार लगा रहे हैं। बता दें कि, बीती 12 जनवरी को बसपा प्रत्याशी मनोज राय के घर पर आकर अपने एक साथी के साथ सोनू नामक युवक ने पहले तो अपनी पत्नी का इलाज करवाने के नाम पर रुपयों की मांग की। वहीं, रुपए नहीं मिलने पर अंजाम बुरा भुगतने की धमकी दे डाली, जिसके चलते यह सारा मामला वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। इस घटना के बाद भी बसपा प्रत्याशी को लगातार फोन पर जान से मारने की धमकी दी जा रही हैं। वहीं, इसी धमकी के चलते मनोज राय ने एसपी थाने में मामला दर्ज करवा दिया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App