जरूरतमंदों में बांटे कंबल-टोपियां

By: Jan 23rd, 2017 12:07 am

newsपांवटा साहिब —  पांवटा साहिब के मतरालियों स्थित आसाराम आश्रम द्वारा गिरिपार के कफोटा कस्बे में रविवार को एक दिवसीय भजन कीर्तन और भंडारे का आयोजन किया गया। इस दौरान जहां विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, वहीं सैकड़ों जरूरतमंदों को आसाराम समर्थकों ने कंबल और टोपियों आदि का वितरण किया। जानकारी के मुताबिक ध्यान भजन कीर्तन मंडली द्वारा संकीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के करीब 20 गांवों से भक्त पहुंचे थे। इस दौरान बतौर मुख्यातिथि पहुंची महिला जागृति मंच की अध्यक्षा आशा तोमर ने कंबल और टोपियों का वितरण किया। आसाराम के भक्तों ने बताया कि कफोटा में इस प्रकार का यह पहला कार्यक्रम रहा जिसमें इतनी भारी संख्या में भक्त पहुंचे। उन्होंने बताया कि इस आयोजन में सेवानिवृत्त अध्यापिका संगीता शर्मा, कफोटा व्यापार मंडल के प्रधान धनवीर सिंह, पांवटा आश्रम संचालक सुंदर भाई, चंडीगढ़ आश्रम संचालक दिनेश भाई, चतर शर्मा, कंवर सिंह नंबरदार, गुमान शर्मा, अनिल धीमान रोनहाट और बलबीर तोमर हरिपुरधार से पहुंचे थे। इस मौके पर कंबल प्राप्त करने वाले लोगों ने आश्रम संचालकों का आभार प्रकट किया। मुख्यातिथि आशा तोमर ने बताया कि इस प्रकार के आयोजनों से जरूरतमंदों की मदद होती है। यह एक नेक कार्य है जिसकी प्रशंसा की जानी चाहिए। इस दौरान सैकड़ों लोगों ने कीर्तन में भाग लेकर भंडारा ग्रहण किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App