ठंड से थर-थर कांपा सोलन

By: Jan 18th, 2017 12:05 am

बारिश-बर्फबारी के बाद बढ़ी शीतलहर, घरों में दुबके लोग

 नालागढ़ —  पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश के बाद बीबीएन के लोग इन दिनों जमा देने वाली ठंड की मार झेल रहे हैं। क्षेत्र में सुबह व शाम को कोहरे का भी आवरण बनना शुरू हो गया है, जिससे क्षेत्र में ठंड बढ़ गई है, लेकिन युवाओं में सर्दी की इस ठंड की भी कोई परवाह नहीं है। मंगलवार को लोग ठंड से ठिठुरते नजर आए, लेकिन नालागढ़ शहर के युवाओं में जोश इस कद्र बना हुआ था कि एक ओर लोग अलाव सेंकते नजर आए, वहीं साथ में कुल्फियों का भी स्वाद चख रहे थे। मौसम विभाग की मानें तो 24 घंटों में मौसम इसी तरह से बना रहेगा, जिसके तहत पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी व मैदानी इलाकों में बारिश होने की संभावनाएं हैं।  जानकारी के अनुसार प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में हुई बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में बारिशों से क्षेत्र का मौसम ठंडक भरा हो गया है। सुबह व शाम को तो ठंड इतनी बढ़ जाती है कि लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो जाता है। अब सोमवार रात से हो रही बारिश से फिर से मौसम ठंडा हो गया है। ठंड में काफी, चाय, सूप आदि की बिक्री में भी इजाफा हुआ है, वहीं गर्म वस्त्रों सहित हीटरों व अन्य उपकरणों की बिक्री भी बढ़ी है। ठंड बढ़ जाने से बीबीएन के बाजार सूने हो गए हैं और सड़कें भी विरान सी नजर आने लगी हैं। ठंड के इस मौसम में लोगों के व्यवसायों पर भी असर पड़ रहा है। नौणी विश्वविद्यालय के पर्यावरण विज्ञान विभागाध्यक्ष डा. एसके भारद्वाज ने कहा कि आने वाले 24 घंटों में मौसम इसी प्रकार बना रहेगा।

परवाणू-धर्मपुर की छूटी कंपकंपी

परवाणू —  परवाणू व धर्मपुर के साथ लगते क्षेत्रों में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ऊंचे पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही बर्फबारी व मैदानी क्षेत्रों में हो रही बारिश होने से शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है, वहीं, मंगलवार को परवाणू व आसपास के क्षेत्रों में दिन में धुंध से लोगों को वाहन को चलाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। जानकारी के अनुसार परवाणू में रविवार देर रात से जमकर लगी बारिश सोमवार आधे दिन तक होती रही। आधे दिन बाद मौसम ने करवट ली और बादलों के साथ-साथ सूर्य देवता के दर्शन भी हुए, साथ ही तेज हवाएं चलती रही, वहीं दूसरी ओर मंगलवार सुबह पड़े कोहरे के कारण ठंड और बढ़ गई और दिन में हर तरफ  धुंध छाई रही। दिन में ही धुंध पड़ जाने के कारण लोगों को वाहन चलाने में परेशानी का सामना करना पड़ा। धुंध अधिक हो जाने से जहां लोगों को दिन में वाहनों की लाइटों का प्रयोग किया गया, वही विजिबिलिटी भी कम रही। धुंध होने के कारण लोगोें को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ा और आसमान में बादल छाए रहने के कारण दिन भर सूर्य देवता के दर्शन न हुए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App