डोर-टू-डोर नहीं पहुंच पाई गारबेज कलेक्शन योजना

By: Jan 10th, 2017 12:05 am

सोलन  —  सोलन शहर में डोर-टू-डोर गारबेज कलेक्शन योजना कई वर्षों के बाद भी सिरे नहीं चढ़ पाई है। शहर के मात्र दो वार्डों में यह सेवा लोगों को मिल रही है। अन्य 13 वार्डों में लोग अभी इस सेवा के शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि जिन वार्डों में यह सेवा शुरू हुई थी, वहां पर लोगों ने ठेकेदार को पैसे नहीं दिए, जिसके कारण योजना फ्लॉप हो चुकी है। जानकारी के अनुसार नगर परिषद और प्रशासन के भरसक प्रयासों के बावजूद डोर-टू-डोर गारबेज कलेक्शन योजना सिरे नहीं चढ़ पा रही है। सोलन शहर में कुल 15 वार्ड हैं।  करीब 60 हजार की आबादी सोलन शहर में रहती है। शहर की सफाई व्यवस्था का जिम्मा मात्र 68 कर्मचारियों के हवाले है। ऐसे में अंदाजा लगाया जा सकता है कि सफाई व्यवस्था कितनी दुरुस्त है। शहर के दूरवर्ती क्षेत्रों में कई दिनों तक कूड़ा नहीं उठाया जाता है, जिसकी वजह से गंदगी फैली होती है। नगर परिषद ने करीब तीन वर्ष पहले डोर-टू-डोर गारबेज कलेक्शन की योजना बनाई थी। शुरुआती दौर में निर्णय लिया गया कि शहर की सफाई का जिम्मा ठेकेदार को दिया जाएगा। शहर के कुछ वार्डों में ठेकेदारों ने सफाई भी की, लेकिन  लोगों ने पैसे नहीं दिए, जिस वजह से ठेकेदारों ने अपने हाथ पीछे खींच लिए। अब केवल शहर के दो वार्डों में ही सफाई ठकेदार के माध्यम से चल रही है।  इसके बाद स्थानीय लोगों के सहयोग से इस योजना को सिरे चढ़ाने की तैयारी की गई। जनसहयोग से भी यह योजना सिरे नहीं चढ़ी। बार-बार योजना बनाने में ही कई वर्षों का समय लग गया। लोगों को अभी भी इस योजना का लाभ नहीं मिल पाया है। हालांकि नगर परिषद ने रेट तय कर रखे हैं, लेकिन ये रेट केवल परिषद की फाइलों तक ही सीमित रह गए।

अब महिला कर्मचारी करेंगी सफाई

एक बार फिर से परिषद द्वारा डोर-टू-डोर गारबेज कलेक्शन के लिए नई योजना तैयार की गई है। इस योजना के मुताबिक शहर के नौ वार्डों में दो-दो महिला सफाई कर्मी तैनात की जाएंगी। जो सफाई व्यवस्था देखेंगी। प्रत्येक वार्ड में चार-चार पुरुष सफाई कर्मियों को लगाया जाएगा, जो घर-घर से कूड़ा एकत्रित करेंगे। चार वार्डों में एक  दरोगा रखा जाएगा। शहर के दो वार्डों में यह योजना ठेके पर चल रही है तथा अन्य चार वार्डों में इस योजना को ठेके पर दिए जाने की तैयारी है।

नगर परिषद के रेट

वर्ग             शुल्क प्रतिमाह

घरेलू                50 रुपए

सब्जी की दुकान   200 रुपए

किराना             70 रुपए

सरकारी कार्यालय  80 से 600

बैंक                 500 रुपए

सरकारी स्कूल     200 रुपए

निजी स्कू          300 रुपए

शॉपिंग माल        2000 रुपए

बेकरी               500 रुपए

होटलों              600 से 1200

फैक्टरी             1500 रुपए

वर्कशॉप            400 रुपए

बैंक्वेट हाल        800 रुपए

निजी होस्टल      1000 रुपए


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App