तीन राज्यों में खिचड़ी, उत्तराखंड में भाजपा

By: Jan 28th, 2017 12:02 am

दि वीक-हंसा रिसर्च का ओपिनियन पोल, यूपी पर पेंच

नई दिल्ली— उत्तर प्रदेश, पंजाब और गोवा में होने वाले विधानसभा चुनावों में किसी भी पार्टी को बहुमत मिलने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं, वहीं अगर उत्तराखंड की बात करें तो यहां भारतीय जनता पार्टी को स्पष्ट बहुमत मिलने की उम्मीद है। ऐसा दावा दि वीक-हंसा रिसर्च ने अपने ओपिनियन पोल में किया है। ओपिनियन पोल के नतीजों में कहा गया है कि उत्तर प्रदेश में 403 सीटों में से भाजपा के खाते में 192 से 196 सीटें आ सकती हैं, जबकि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन को इससे ज्यादा सीटें मिलेंगी, जिनकी संख्या 178-182 के बीच होगी। सर्वे की मानें तो बहुजन समाज पार्टी महज 20 से 24 सीटों के साथ तीसरे स्थान पर रहेगी। अन्य को पांच-नौ सीटें मिलने की उम्मीद है।

पंजाब में कांग्रेस सबसे ऊपर

पोल के मुताबिक पंजाब में कांग्रेस को 49-51 सीटें मिलने की उम्मीद है, वहीं आप 30-35 सीटों के साथ दूसरे नंबर पर काबिज होगी। अकाली-भाजपा का गठबंधन केवल 28-30 सीटों पर सिमट जाएगा। अन्य को तीन से पांच सीटें मिल सकती हैं।

उत्तराखंड में खिलेगा कमल

सर्वे में कहा गया है कि भाजपा को 70 सदस्यों वाली विधानसभा में 37-39 सीटें मिलने की उम्मीद है। पोल की मानें तो उत्तराखंड में सत्तारूढ़ कांग्रेस 27-29 सीटों पर सिमट जाएगी। बीएसपी एक से तीन सीटों पर जीत का परचम फहराएगी।

गोवा में भाजपा को 17 से 19 सीटें

गोवा की 40 सीटों में से सत्तारूढ़ भाजपा के खाते में 17-19 सीटें जीत आएंगी, वहीं दूसरे नंबर पर कांग्रेस रहेगी, जिसे 11-13 सीटें मिलने की उम्मीद है। यहां आम आदमी पार्टी को केवल दो से चार सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App