दियाली पर्व की धूम

By: Jan 17th, 2017 12:05 am

कुल्लू —  देवभूमि कुल्लू के कई इलाकों में इन दिनों दियाली पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। जहां सात दिनों तक ब्याही बेटियां माइके जाकर दूब देने की रस्म को निभाएंगी। वहीं, सात दिनों तक लोग लकड़ी की छोटी मशाल निकालकर दियाली पर्व की परंपरा को बखूबी से निभा रहे हैं। कई जगह पांच और कई जगह छह और सात प्रविष्ठे को दियाली पर्व खत्म होगा।  दियाली पर्व के अंतिम दिन सदियाला पर्व बनाया जाएगा। सदियाले में अश्लील जुमले कसकर क्षेत्र से बुरी आत्माओं को खदेड़ा जाएगा। बता दें कि मणिकर्ण घाटी के शराणीबेहड़ी, चनालदी, जां सहित अन्य कई इलाकों में सदियाला पर्व को मनाया जाएगा। इस दिन मशालें लेकर गांव से बाहर सदियाले की परिक्रमा की जाएगी और आसुरी शक्तियों को भगाने के लिए अश्लील जुमले कसे जाएंगे। इससे पहले सौहच में भी सदियाला मनाया जाएगा। सोहड़ गांव में भी इससे पहले सदियाला पर्व की परंपरा का बखूबी निर्वहन किया जाएगा।  सदियाला पर्व की रात को गांव-गांव में भजन-कीर्तन भी आयोजित किया जाएगा। सदियाले पर्व की मान्यता यह है कि मकर महीने में देवी-देवता स्वर्ग प्रवास पर जाते हैं। सदियाले पर्व को लेकर मणिकर्ण घाटी के लोगों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App