दो करोड़ से ज्यादा बिका पड्डल ग्राउंड

By: Jan 20th, 2017 12:05 am

मंडी —  अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के लिए ऐतिहासिक पड्डल मैदान की बोली का काम प्रशासन ने एक झटके में पूरा कर लिया है। पड्डल मैदान में लगने वाले मेले के लिए प्रशासन ने पूरे मैदान को इस बार एक ही कंपनी को 2,01,21,000 रुपए में बेच दिया है। कुल्लू से संबंधित जैनित कंपनी ने इस बार पड्डल मैदान को शिवरात्रि महोत्सव के लिए खरीदा है। उक्त कंपनी ही अब पड्डल मैदान में दुकानें बनाकर व्यापारियों को बेचेगी। गुरुवार को पड्डल मैदान की बोली को लेकर टेंडर लगाए गए थे, जिनमें चंबा, कुल्लू, शिमला, मंडी जिला के साथ दिल्ली, चंडीगढ़ और पंजाब से भी कई कंपनियों के प्रतिनिधि पहुंचे हुए थे। इस बार प्रशासन ने एक साथ पूरे पड्डल का टेंडर लगाते हुए दो करोड़ रुपए का रिजर्व प्राइज निर्धारित किया था, जिस पर कुल्लू की कंपनी ने 1.21 लाख रुपए की अधिक बोली लगाते हुए पड्डल मैदान को मेले के लिए लिया है। बता दें कि फरवरी महीने में होने जा रहे अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव में लगने वाले मेले में इस बार हर दुकान वाटरप्रूफ सुविधा से लैस होगी और पंडाल के नीचे आएगी। पड्डल मैदान में इस बार शिवरात्रि महोत्सव के लिए छह बडे़ पंडाल लगेंगे, जो कि पूरी तरह से वाटर प्रूफ होंगे। इसमें चार डोम ही इस बार मेला मैदान में बनाने की योजना है, जबकि शेष अन्य पंडाल भी वाटर प्रूफ होंगे। सफल टेंडर डालने वाली कंपनी ही अब छह वाटर प्रूफ पंडाल का निर्माण करेगी। हर दुकान व डोम को लेकर प्रशासन ने मापदंड तय किए हैं। इसके अनुसार ही दुकानों का निर्माण किया जाएगा। उधर, जिला अतिरिक्त दंडाधिकारी ने पड्डल के आबंटन की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि इस बार पूरे पड्डल का आबंटन 2,01,21,000 रुपए में हुआ है। अब उक्त कंपनी निर्धारित मापदंडों के अनुसार  दुकानें बनाकर व्यापारियों को किराए पर देगी।

पिछले साल 1.80 करोड़ में बिका था ग्राउंड

पिछले वर्ष मंडी प्रशासन ने अपने आप बोली लगवा कर पड्डल मैदान को 1.80 करोड़ में बेचा था, लेकिन इस बार प्रशासन इस झंझट से भी बच गया है और पड्डल की नीलामी से 21 लाख ज्यादा भी मिले हैं। पड्डल मैदान में अब सिर्फ झूलों की नीलामी बची है। इसके लिए अभी प्रशासन ने तिथि निर्धारित नहीं की है।

सिंगल टेंडर के विरोध में सुर तेज

पड्डल मैदान का सिंगल टेंडर होने के बाद फिर विरोध के स्वर उठने शुरू हो गए हैं। छोटे व्यापारियों, टैंट  व्यापारियों और कुछ अन्य ने एक ही कंपनी को पड्डल का ठेका देने का विरोध जताया है। ये लोग शुक्रवार को विरोध जताने की तैयारी में हैं। पिछले वर्ष भी कुछ लोग इस फैसले के खिलाफ कोर्ट गए थे। हालांकि बाद में कोर्ट ने प्रशासन के पक्ष में ही फैसला दिया था।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App