नई उम्मीदों भरा सफर

By: Jan 2nd, 2017 12:01 am

( डा. राजेंद्र प्रसाद शर्मा (ई-मेल के मार्फत) )

आज जब हम 2017 में प्रवेश कर चुके हैं, यह उपलब्धियों में बेहद उथल-पुथल भरे 2016 की कड़वी-मीठी यादों को भुलाकर नए साल में नए संकल्पों के साथ आगे बढ़ने का अवसर है। हमें परिवार, समाज, प्रदेश, देश और विश्व में सुख और शांति की कामना लेकर आगे बढ़ने की सोच अपनानी होगी। 2016 में जो कुछ खोया-पाया उसे भुलाते हुए आगे का रास्ता नापना है। 2016 बेहद उथल-पुथल और उपलब्धियों का वर्ष रहा है। पड़ोसी देश पाकिस्तान की आतंकवादी गतिविधियां बरकरार होने के बावजूद देश सर्जिकल स्ट्राइक से गौरवान्वित महसूस कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश यात्राओं व वहां पर भारतीयों से सीधे संवाद से देश का गौरव बढ़ा। अब अमरीकी राष्ट्रपति के साथ बराबरी की बात होती है। यह निश्चित रूप से दुनिया में भारत की अहमियत को बढ़ाने में सहायक रहा है। मन की बात के बहाने आकाशवाणी को नया जीवन मिल चुका है। देश ने चीनी वस्तुओं के बहिष्कार का सफल प्रयोग कर एक बार तो चीन की नींद ही उड़ा दी है। विदेश नीति, सामरिक, वैज्ञानिक शोध, स्टार्ट अप, मेक इंडिया आदि क्षेत्रों में हम बहुत आगे बढ़े हैं। साल 2016 बैंकिंग क्षेत्र, खास तौर से नोटबंदी व कैशलैस के नाम से सालों साल याद रखा जाएगा। नया साल 2017 नोटबंदी के बाद की स्थितियों के साथ आ गया है। माना यह जा रहा है कि नए साल में सरकार की आर्थिक नीति में बदलाव आएगा। जीएसटी व आयकर को लेकर लोगों में आशाएं जगी हैं। कितना कालाधन सामने आता है और इसके बाद महंगाई पर क्या असर रहता है, यह भविष्य के गर्भ में है। सरकार से लोगों की आशाएं बढ़ी हैं। सकारात्मक सोच के साथ अब शुभकामनाओं और मंगल कामनाओं के बीच हमें देश को आगे ले जाने का संकल्प लेना होगा। आचार- विचार में शुद्धता और नैतिकता का सबक लेना होगा।  नया साल नई स्फूर्ति, नए उत्साह से आगे बढ़ने की राह प्रशस्त करेगा, यही हमारी मंगल कामना है।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App