पंजाब में कांग्रेस, उत्तराखंड में भाजपा के आसार

By: Jan 6th, 2017 12:01 am

इंडिया टुडे ग्रुप के ओपिनियन पोल में खुलासा

नई दिल्ली —  इंडिया टुडे ग्रुप के लिए एक्सिस-माई इंडिया की ओर से किए ताजा ओपिनियन पोल में पंजाब में अकाली-बीजेपी गठबंधन के हाथ से सत्ता फिसलती नजर आ रही है। यह ओपिनियन पोल सर्वे 12 दिसंबर से 20 दिसंबर के बीच किया गया है। सर्वे में पंजाब की जनता कांग्रेस को सत्ता की चाबी सौंपना चाहती है। सर्वे के मुताबिक कुल 117 सीटों में कांग्रेस को 56 से 62 सीटों पर जीत मिल सकती है, वहीं पहली बार चुनावी ताल ठोंक रही आम आदमी पार्टी 36 से 41 सीटें जीत सकती हैं, जबकि सर्वे में सत्ताधारी (अकाली-बीजेपी गठबंधन) को 18-22 सीटें मिलती दिख रही हैं। वहीं, अन्य में खाते में एक से चार सीटें जा सकती है। पंजाब में वोट फीसदी की बात करें तो आम आदमी पार्टी को 29 फीसदी वोट मिलने का अनुमान है, जबकि कांग्रेस को 35 फीसदी वोट मिल सकते हैं, वहीं अकाली-बीजेपी गठबंधन को 24 फीसदी वोट मिलते दिख रहे हैं। 12 फीसदी वोट अन्य के खाते में जाने की संभावना जताई गई है। पंजाब में महज 22 फीसदी लोग दोबारा प्रकाश सिंह बादल को सीएम के तौर पर देखना चाहते हैं, जबकि 34 फीसदी लोग की पसंद अमरिंदर सिंह है, वहीं केजरीवाल को 16 फीसदी लोग पंजाब के सीएम के रूप में देखना चाहते हैं। आप नेता भगवंत मान को भी नौ फीसदी जनता सीएम के रूप में चाहती है और नवजोत सिंह सिद्धू को पांच फीसदी लोग मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं, जबकि सर्वे में महज तीन फीसदी लोगों ने सुखबीर सिंह बादल को सीएम के रूप में स्वीकार किया। इसके अलावा पंजाब की एक फीसदी जनता एचएस फूलका को सीएम की कुर्सी पर बिठाना चाहती है।

रावत के सामने मुश्किलें अपार

ओपिनियन पोल में उत्तराखंड से भाजपा के लिए अच्छी खबर है। यहां भाजपा को कामयाबी मिलती दिख रही है. सर्वे के मुताबिक कुल 70 विधानसभा सीटों में से बीजेपी को 41-46 सीटों पर जीत मिल सकती है, जबकि कांग्रेस 18-23 पर सिमट सकती है, वहीं अन्य के खाते में दो-छह सीटें जा सकती हैं। उत्तराखंड में अभी चुनाव होने पर भाजपा को 45 फीसदी वोट मिलने के अनुमान हैं, जबकि कांग्रेस के खाते में 33 फीसदी वोट जाने की संभावना है, वहीं 22 फीसदी वोट अन्य को जाते दिख रहे हैं। उत्तराखंड में सीएम के तौर पर जनता सबसे ज्यादा बीसी खंडूरी को देखना चाहती है। खंडूरी को 44 फीसदी लोग सीएम देखना चाहते हैं, जबकि हरीश रावत को 42 फीसदी लोग फिर सीएम के रूप में देखना पसंद करेंगे, वहीं रमेश पोखरियाल और बीएस कोशियारी को महज तीन-तीन फीसदी जनता सीएम देखना चाहती है. जबकि सतपाल महाराज में दो फीसदी लोग सीएम की कुर्सी पर चाहते हैं।

प्रचार की डोर संभालेंगे आप मंत्री

चंडीगढ़ — पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी ने अपने स्टार प्रचारकों की लिस्ट चुनाव आयोग के पास भेज दी है। आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल के अलावा दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा और स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन भी स्टार प्रचारकों की लिस्ट में शामिल हैं। केजरीवाल के अलावा दिल्ली सरकार के आधे से ज्यादा मंत्री पंजाब चुनावों में प्रचार की जिम्मेदारी संभालेंगे। आप ने 28 लोगों की लिस्ट आप ने चुनाव आयोग को सौंपी है। पार्टी सूत्रों का दावा है कि आम आदमी पार्टी पंजाब में लगभग 500 से ज्यादा छोटी नुक्कड सभाएं करेगी। पार्टी सूत्रों के मुताबिक आप पंजाब में बड़ी रैलियों से परहेज करते हुए अब छोटी सभाएं और नुक्कड़ सभाओं पर ध्यान देगी, जिससे एक दिन में किसी विधानसभा में ज्यादा से ज्यादा इलाकों की दौरा हो सके।

प्रियंका गांधी होंगी स्टार प्रचारक

नई दिल्ली —  पंजाब में अगले महीने होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए प्रियंका गांधी कांग्रेस का प्रचार करेंगी। उत्तर प्रदेश के बाद अब पंजाब कांग्रेस भी प्रियंका गांधी वाड्रा को अपना स्टार प्रचारक बनाने की कोशिशों में जुटा है। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने इस बाबत प्रियंका गांधी को चिट्ठी लिखकर उनसे पार्टी के चुनाव प्रचार के लिए थोड़ा वक्त निकालने की गुजारिश की है। कांग्रेस महासचिव एवं पंजाब कांग्रेस की प्रभारी अंबिका सोनी ने बताया कि कैप्टन अमरिंदर सिंह ने प्रियंका गांधी से पंजाब में प्रचार करने की गुजारिश की है, अब फैसला प्रियंका गांधी को करना है। इसके साथ ही अंबिका सोनी ने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी आने वाले दिनों में राज्य में पार्टी के लिए चुनाव प्रचार करेंगे।

अमृतसर प्रशासन चौकन्ना

अमृतसर — पंजाब विधानसभा चुनाव की तारीख तय होने के बाद अमृतसर के जिला प्रशासन ने भी अपनी कमर कस ली है। इस मामले में सभी अधिकारियों से बैठक करने के बाद अमृतसर के डीसी और जिला चुनाव अधिकारी डा. बसंत गर्ग ने बताया कि मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट को सख्ती से लागू किया जाएगा। इसके लिए अलग-अलग टीमों का गठन भी कर दिया गया है, ताकि किसी भी किस्म के नशे और काले धन पर काबू पाया जा सके। इस दौरान उन्होंने बताया कि कैदियो की हरकतों पर भी निगाह रखी जा रही है। उन्होंने इसके तहत जेल में चैकिंग भी की थी।

मंत्री के घर के बाहर बुलडोजर

अमृतसर — चुनाव आचार संहिता के लागू होते ही निकाय मंत्री अनिल जोशी के घर के बाहर उनके गनमैनों के लिए बना सड़क पर अवैध कमरा गिरा दिया गया है। अवैध कब्जों को छुड़ाने का जिम्मा नगर निगम व नगर सुधार ट्रस्ट के पास है और ये दोनों महकमे अनिल जोशी के अधीन ही आते हैं। इस अवैध कमरे को लेकर आरटीआई में भी कई जानकारियां लोगों ने मांगी थी। गुरुवार को कमरा गिराए जाने के बाद यह भी चर्चा रही कि चुनाव आचार संहिता के चलते ही कमरा गिराया गया है। इस बारे में निकाय मंत्री के शुभचिंतकों का यही कहना है कि कमरा जोशी जी ने खुद गिरवाया है।

चंदा बंद सत्याग्रह शुरू

चंडीगढ़ — आम आदमी पार्टी (आप) को पंजाब में बागियों और असंतुष्टों की परेशानी से राहत मिलती नज़र नहीं आती है। पार्टी से निलंबित एक नेता मनीष रायज़ादा ने राज्य विधानसभा चुनावों की घोषणा होते ही पार्टी के खिलाफ राज्य में चंदा बंद सत्याग्रह शुरू करने का एलान किया है। डा. रायज़ादा और पार्टी के एक अन्य निलंबित नेता विरिंदर सिंह परिहार ने गुरुवार को कहा कि पार्टी स्वच्छ राजनीति करने और देश में परिवर्तन लाने के अपने मूल सिद्धांतों से पूरी तरह पीछे हट गई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App