पति की तलाश में पांच महीने से भटक रही शलोग की महिला

By: Jan 16th, 2017 12:05 am

आनी – निरमंड खंड के शलोग गांव की महिला ने अपने को ढूंढने की गुहार लगाई है। महिला का पति रोशन लाल, जो कि पेशे से ड्राइवर है सितंबर महीने की 17 तारीख से कहीं लापता है, जिसकी तलाश को लेकर महिला ने पुलिस थाना निरमंड में भी लिखित गुहार लगाई थी, जबकि महिला आयोग को भी चिठ्ठी लिखकर पति को ढूंढने में मदद की गुहार लगाई थी। महिला का कहना है कि पांच महीनों में चार बार वे पुलिस थाना के चक्कर लगा चुकी हैं बावजूद इसके पुलिस उसे यह कह कर चलता कर देती है कि तुम घर जाओ हम तुम्हारे पति को ढूंढ लेंगे, लेकिन पांच महीने बादजाने भी उसके पति का कोई सुराग लगा पाने में पुलिस असमर्थ रही है। महिला निरमंड खंड के शलोग गांव की रहने वाली है और इस वक्त बहुत बुरे दौर से गुजर रही है। महिला ने बताया कि उसके तीन बच्चे हैं, जिनमे से एक बच्चा अंधा हो चुका है, जबकि एक बड़ी बेटी और एक छोटा बेटा पढ़ते हैं। घर का गुजारा चलाने के लिए महिला मजदूरी कर रही है, लेकिन अंधे बेटे को हरदम साथ लिए मजदूरी करने से अपना और बच्चों का पेट भरना मुश्किल हो रहा है, जबकि पति की तलाश में बार-बार पुलिस थाना निरमंड के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। महिला ने बताया कि उसका पति किसी महिला के चक्कर में फंस गया था, जिसका पता लगने पर उसने अपने पति से उस महिला से दूर रहने और बच्चों के पालन-पोषण की गुहार लगाई थी, जिसके बाद उसने मर जाने की धमकी दी थी। वहीं इस बारे में डीएसपी बलदेव ठाकुर का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में लाया गया है, जिसके बाद उन्होंने थाना प्रभारी को मामले की गहनता से छानबीन करने के आदेश दे दिए हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App