पद से त्यागपत्र दें अनिल विज

By: Jan 16th, 2017 12:02 am

यमुनानगर  – हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष व पूर्व मंत्री निर्मल सिंह ने महात्मा गांधी को लेकर अनिल विज के दिए गैर जिम्मेदाराना बयान की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने कहा की राष्ट्रपिता के प्रति इस तरह की संकीर्ण सोच रखने वाले मंत्री को नैतिकता के आधार पर अपने पद से त्यागपत्र देना चाहिए। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि विज के बयान से देश के 125 करोड़ जनता की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा की राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को राजनीतिक सीमाओं से ऊपर उठकर न केवल देश में बल्कि विश्व स्तर पर सम्मान के साथ याद किया जाता है। उन्होंने कहा कि ऐसे महान व्यक्त्तित्व की तुलना देश के प्रधानमंत्री से करना बीमार मानसिकता का परिचय है। उन्होंने कहा की अनिल विज इस तरह के अशोभनीय व बेबुनियाद बयान देकर मीडिया की सुर्खियों में रहना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि वे इस तरह की चाटुकारिता करके प्रधानमंत्री को खुश करने का प्रयास कर रहे हैं, क्योंकि वह शुरू से ही मनोहर लाल खट्टर के स्थान पर स्वयं मुख्यमंत्री बनने के सपने देख रहे हैं। निर्मल सिंह ने कहा की ऐसी बयानबाजी से लगता है कि मुख्यमंत्री की कुर्सी की लालसा में अनिल विज अपना मानसिक संतुलन खो बैठे हैं। उन्होंने कहा की विज ने शुरू से ही अवसरवादिता की राजनीति की है। उन्होंने कहा कि जब वे निर्दलीय चुनाव लड़ते थे, उस समय विज भाजपा को कभी भारत जलाओ पार्टी तो कभी भाग जा प्यारे पार्टी मंच कहा करते थे। सिंह ने कहा कि यदि भाजपा नेत्तृत्व ने इस गैर जिम्मेदाराना बयान के लिए अनिल विज के विरुद्ध कोई कार्रवाई न की तो कांग्रेस इसका सड़क से संसद तक विरोध करेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App