फ्लाइट में छेड़छाड़ पर लगेगी हथकड़ी

By: Jan 9th, 2017 12:02 am

नियम तोड़ने वाले यात्रियों पर नकेल कसने को एयर इंडिया का फैसला

नई दिल्ली— पिछले 15 दिनों में हवाई यात्रा के दौरान छेड़छाड़ की दो घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसके मद्देनजर एयर इंडिया ने नियम तोड़ने वाले यात्रियों के लिए प्लास्टिक की हथकड़ी फ्लाइट में रखने का फैसला किया है। अगर कोई यात्री फ्लाइट में सवार किसी दूसरे यात्री के साथ आपत्तिजनक व्यवहार करता है तो उसके हाथों में प्लास्टिक की हथकड़ी डालकर उसे रोका जा सकता है। एयर इंडिया के चेयरपर्सन अश्विनी लोहानी ने बताया कि पहले हम सिर्फ इंटरनेशनल फ्लाइट्स में ही इस तरह के इंतजाम रखते थे, लेकिन अब डोमेस्टिक फ्लाइट्स में भी प्लास्टिक की हथकडि़यां होंगी। हमारे सभी प्लेनों में प्लास्टिक की दो हथकडि़यां होंगी। हमारे लिए यात्रियों की सुरक्षा सबसे ऊपर है। हम इससे समझौता नहीं कर सकते। एयर इंडिया का यह फैसला तब आया है जब दो जनवरी को मस्कट-दिल्ली फ्लाइट में और मुंबई-न्यूयार्क फ्लाइट में एयर होस्टेसेज को छेड़छाड़ का शिकार होना पड़ा। एक सीनियर अधिकारी ने कहा कि इन दिनों हवाई यात्रा के दौरान छेड़छाड़ जैसी घटनाओं में बढ़ोतरी आई है। हमारे पाइलट्स एयर होस्टेस और यात्रियों के यौन उत्पीड़न को बिलकुल बर्दाश्त नहीं कर सकते। हम ऐसे लोगों को लैंडिंग के बाद कानून के हवाले कर देते हैं। एयर इंडिया के केबिन क्रू मैनुअल के मुताबिक, किसी यात्री को हथकड़ी लगाना आखिरी कदम है। ऐसा तब किया जाएगा, जब चीजें बिलकुल बेकाबू हो जाएं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App