बरसात तक बन जाएगी कल्याणपुर सड़क

By: Jan 22nd, 2017 12:02 am

नालागढ़— नालागढ़ मुख्यालय से करीब डेढ़ किलोमीटर से सेरी झांडियां-कल्याणपुर मार्ग चकाचक बन रहा है। नाबार्ड से स्वीकृत 2.79 करोड़ की धनराशि इस मार्ग को पक्का करने को लेकर लोक निर्माण विभाग द्वारा मैटलिंग व टायरिंग का टेंडर अवार्ड किया गया, जिसके उपरांत इसका मैटलिंग व अन्य करीब 50 फीसदी कार्य पूर्ण हो चुका है। विभाग का कहना है कि बरसात से पूर्व यह मार्ग पूरी तरह से चकाचक बना दिया जाएगा। बताया जाता है कि सेरी झांडियां-कल्याणपुर मार्ग जब से बना है, तब से यह सड़क पक्की नहीं हो पाई है, जिस पर अब दो करोड़ 79 लाख रुपए की राशि खर्च करके इसे चकाचक बनाया जा रहा है। इस मार्ग के पक्का होने से लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने जा रही है। जानकारी के अनुसार नालागढ़-रामशहर मार्ग से करीब डेढ़ किलोमीटर आगे से शुरू होने वाला सेरी झांडियां का नौ किलोमीटर मार्ग अब पक्का हो रहा है। इस मार्ग पर सेरी, झांडियां, प्लासड़ा, गोलजमाला, कल्याणपुर सहित अन्य कई गांव आते है, जिनमें करीब 5000 ग्रामीण निवास करते हैं। सेरी झांडियां से कल्याणपुर मार्ग की दूरी नौ किलोमीटर है और जब से यह मार्ग बना है, तब से यह पक्का नहीं हो सका था, लेकिन नाबार्ड से इस मार्ग के लिए धनराशि स्वीकृत हुई और लोक निर्माण विभाग ने इसकी आगामी कार्रवाई पूरी करते हुए इसका टेंडर किया और अब इसका मैटलिंग-टायरिंग का कार्य जोरों पर चला हुआ है। बता दें कि इसी मार्ग पर चिकनी खड्ड पर पुल का निर्माण किया गया है। इस मार्ग को पक्का करने के लिए नाबार्ड को योजना बनाकर भेजी थी, जिसकी मंजूरी मिलने के उपरांत धनराशि खर्च की जा रही है। ्रलोक निर्माण विभाग नालागढ़ के एक्सईएन एसके अत्री ने कहा कि सेरी झांडियां-कल्याणपुर मार्ग की मैटलिंग-टायरिंग का कार्य प्रगति पर चला हुआ है और करीब 50 फीसदी कार्य पूर्ण कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि तय समयावधि में इस मार्ग का कार्य पूरा कर लिया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App