ब्लैंक चेक पर साइन लेकर दिया कर्ज

By: Jan 22nd, 2017 12:05 am

घुमारवीं – अभी भी लोग साहूकारों के चंगुल में फंसे हुए हैं। चौंकिए मत! यह बात सौ फीसदी सच है। साहुकार खाली चेकों पर लोगों के साइन लेकर उन्हें ऋण दे रहे हैं। यह खुलासा घुमारवीं पुलिस ने एक केस की छानबीन के दौरान किया है। इसमें धोखाधड़ी के एक केस से संबंधित जांच करने गई पुलिस को एक घर से लोगों के साइन हुए खाली चेक बरामद हुए हैं। खाली चेक लेकर लोगों को ऋण देने की बात भी उक्त व्यक्ति ने कबूल की है। इससे यह बात अधिक पुख्ता हो गई है कि कई लोग अभी भी साहूकारों के चंगुलों से आजाद नहीं हो पाए हैं। इसकी पुष्टि डीएसपी घुमारवीं राजेश कुमार ने की है। जानकारी के मुताबिक घुमारवीं पुलिस ने पिछले दिनों धोखाधड़ी के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था। जिस व्यक्ति पर धोखाधड़ी का आरोप था। पुलिस ने उसके घर में जाकर जांच पड़ताल की थी। जहां पर पुलिस को केस से संबंधित चेकों के अलावा लोगों के साइन किए काफी संख्या में खाली चेक बरामद किए थे। इसके बाद पुलिस  की जांच के खुलासे में यह बात सामने आई है कि लोगों के साइन खाली चेकों पर ऋण दिया जाता है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि देश के आजाद होने के इतने सालों बाद व साहुकारी प्रथा खत्म होने के बावजूद लोग इनके चंगुलों से निकल नहीं पाए हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App