भक्त चढ़ाएंगे 18 क्विंटल देशी घी

By: Jan 7th, 2017 12:05 am

कांगड़ा —  माता बज्रेश्वरी देवी मंदिर कांगड़ा में घृत्त मंडल पर्व की तैयारियां शुरू हो गई हैं। मंदिर में देशी घी को मक्खन बनाने की प्रक्रिया शनिवार मंत्रोच्चारण के साथ शुरू की जाएगी। मंदिर अधिकारी पवन बडियाल ने बताया कि शुक्रवार सायं तक करीब दो क्विंटल देशी घी मंदिर में पहुंच चुका है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि इस मतर्बा 18 क्विंटल देशी घी श्रद्धालुओं द्वारा भेंट किया जाएगा। इस देशी घी को 101 बार शीतल जल से धोकर मक्खन बनाने की प्रक्रिया करीब एक सप्ताह तक चलेगी। उसके बाद इस मक्खन को मकर संक्रांति की रात्रि मां की पिंडी पर चढ़ाया जाएगा। इस अजब नजानरे को देखने के लिए मां के भक्त देश के अन्य राज्यों से भी यहां पहुंचेंगे। माता बज्रेश्वरी देवी उत्सव आयोजन समिति घृत्त मंडल के इस पर्व पर मंदिर में जागरण का आयोजन करेगी। समिति के प्रवक्ता विनय गुप्ता ने बताया कि जागरण के अवसर पर मां के मंदिर में देशी -विदेशी फूलों की साज सज्जा होगी और पूरे मंदिर मार्ग को रंग-बिरंगी लाइट्स से सजाया जाएगा। मंदिर के पुजारियों, संतों व महात्माओं के सान्निध्य में आयोजित इस जागरण में दिव्य चैनल के गायक संजय सांबरिया, सुफी गायक कार्तिक शर्मा व हिमाचल प्रदेश की बुलंद आवाज वंदना धीमान महामाई का गुणगान करेंगे। मंदिर के वरिष्ठ पुजारी पंडित राम प्रसाद शर्मा ने बताया कि यहां मां की पिंडी पर मक्खन के लेप पर परंपरा सदियों पुरानी है। उन्होंने बताया कि राक्षसों का नाश करते वक्त जब मां के शरीर पर घाव आए तो देवताओं ने मां के शरीर पर घृत्त का लेप किया। उसी परंपरा को आगे निभाते हुए मां की पिंडी पर मक्खन का लेप किया जाता है। पिछले 35-40 सालों से इस घृत्त मंडल के पर्व को उत्सव के रूप में मनाया जाता है।

मंदिर के पुजारी बोले राज्य स्तरीय मिले दर्जा

मंदिर के पुजारी एवं ट्रस्टी पं. उमेश शर्मा, पं. रविशंकर, विव हिंदू परिषद के स्थानीय नेता दीपक शर्मा, ब्राह्मण कल्याण परिषद के प्रदेशाध्यक्ष पं. वेद प्रकाश शर्मा, संयुक्त व्यापार मंडल के प्रधान अनूज गर्ग व सनातन धर्मसभा कांगड़ा के उपाध्यक्ष नरेंद्र त्रेहन इस पर्व को राज्य स्तरीय उत्सव का दर्जा देने की पैरवी सरकार से करते हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App