भरमौर-तीसा-पांगी बर्फ के पिंजरे में

By: Jan 17th, 2017 12:05 am

चंबा – बर्फबारी-बारिश के कारण चंबा जिला के सलूणी, पांगी, भरमौर व तीसा उपमंडल का मुख्यालय से संपर्क कटकर रह गया है। इन मार्गों पर बर्फबारी व बारिश के बाद आवाजाही रिस्की होने के चलते वाहन चालक ड्राइविंग से परहेज बरत रहे हैं। सोमवार को इन उपमंडलों के मार्गों पर दिन भर वाहन न चलने से रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुएं नहीं पहुंच पाईं। हालांकि तीसा मार्ग को देर शाम वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया है। जानकारी के अनुसार चंबा-सलूणी-लंगेरा मार्ग पर वाहनों की आवाजाही मंजीर गांव तक सीमित रही। सलूणी के हिमगिरि व किहार आदि मार्ग भी बंद होकर रह गए हैं। तीसा उपमंडल के मुख्य मार्ग पर सोमवार को नकरोड़ तक वाहन चल पाए। इसके अलावा तीसा के शेष तमाम संपर्क मार्ग भी बर्फबारी के कारण बंद हो गए हैं। चंबा-भरमौर मार्ग पर वाहनों की आवाजाही राख व धरवाला तक चलती रही। इसके आगे बर्फबारी व बारिश के कारण भू-स्खलन व फिसलन होने से वाहन नहीं चल पा रहे हैं। पांगी में भी बर्फबारी के बाद हालात बिगड़कर रह गए हैं। पांगी घाटी के मुख्य सहित अधिकांश संपर्क मार्ग बंद पड़ हुए हैं। सोमवार दोपहर बाद बर्फबारी व बारिश के रुकते ही लोक निर्माण विभाग ने शेष विश्व से कटे उपमंडलों के रास्तों पर यातायात बहाली को लेकर काम आरंभ कर दिया है। सोमवार देर शाम बर्फबारी के कारण बंद चंबा- तीसा मुख्य मार्ग पर यातयात बहाल भी कर दिया गया है। बहरहाल, सोमवार को बर्फबारी-बारिश के कारण जिला के चार उपमंडलों का संपर्क शेष विश्व से कट गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App