भारतीय मुक्केबाजों को छह पदक

By: Jan 17th, 2017 12:04 am

सर्बिया के वर्बास में देश को दिलाया तीसरा स्थान

 नई दिल्ली— भारतीय महिला मुक्केबाजों ने सर्बिया के वर्बास में हुए छठे नेशन कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल छह पदक जीते और पदक तालिका में भारत को तीसरा स्थान दिलाया। टूर्नामेंट में भारत ने एक स्वर्ण, चार रजत और एक कांस्य पदक अपने नाम किया। टूर्नामेंट में 18 देशों ने हिस्सा लिया था और भारत ने अपने नवनियुक्त कोच गुरबक्श सिंह संधू के नेतृत्व में 10 सदस्यीय दल भेजा था। मौजूदा राष्ट्रीय चैंपियन नीरज ने 51 किग्रा भार वर्ग में भारत को एकमात्र स्वर्ण पदक दिलाया। इसके अलावा पूर्व विश्व चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता सरजूबाला देवी (48 किग्रा), प्रियंका चौधरी (60 किग्रा), पूजा (69 किग्रा) और सीमा पूनिया (+81 किग्रा) ने रजत जीते, जबकि एशियाई खेलों की पूर्व कांस्य पदक विजेता कविता गोयत (75 किग्रा) भार वर्ग में कांस्य पदक अपने नाम किया। कोच गुरबक्श सिंह ने कहा कि सभी खिलाड़यिं ने अपने इस शानदार प्रदर्शन से देश को गौरवान्वित कर दिया है। एक महीने से भी कम समय के अभ्यास में लड़कियों ने असाधारण प्रदर्शन किया है। खिलाडि़यों के इस शानदार प्रदर्शन पर भारतीय मुक्केबाजी महासंघ (बीएफआई) के अध्यक्ष अजय सिंह ने उन्हें बधाई दी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App