भीम ऐप 21 हजार बार होगी डाउनलोड

By: Jan 11th, 2017 12:01 am

भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष बोले; आज निकालेंगे मशाल जुलूस, कल चलाएंगे अभियान

बीबीएन —  प्रदेश के जिला मुख्यालयों पर बुधवार को भाजयुमो कार्यकर्ता मशाल जुलूस निकालेंगे, वहीं गुरुवार को प्रदेश भर में मंडल स्तर पर अभियान चलाकर 21 हजार भीम एप्लीकेशन डाउनलोड करवाई जाएगी, ताकि देश में कैशलैस इकॉनोमी के लक्ष्य को पूरा किया जा सके।  मंगलवार को बद्दी में भारतीय जनता युवा मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष विशाल चौहान की अध्यक्षता में हुई प्रदेश स्तरीय बैठक में यह निर्णय लिया गया। प्रदेशाध्यक्ष विशाल चौहान ने प्रदेश के सभी जिलों व प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि दिल्ली में आयोजित बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष पूनम महाजन ने यह अभियान स्वामी विवेकानंद की 154वीं जयंती के उपलक्ष्य में शुरू किया है। प्रदेश भर के सभी जिलाध्यक्षों, महामंत्रियों व राज्य कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को कैशलैस हिमाचल बनाने की दिशा में प्रोजेक्टर के माध्यम से टिप्स दिए गए। डिजिटल पैसा अभियान के प्रदेश संयोजक देवेश चंदेल ने प्रोजेक्टर लगाकर सभी भाजयुमो पदाधिकारियों को डिजिटल पैसा अभियान और थीम एप्लीकेशन की प्रोसेसिंग के बारे में समझाया और सिखाया। इसके बाद प्रदेशाध्यक्ष विशाल चौहान ने सभी पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वे भीम एप्लीकेशन और मशाल जुलूस को सफल बनाने के लिए जी जान से मैदान में जुटें, ताकि युवाओं और गांव के लोगों को भी कैशलैस भारत अभियान के बारे में जानकारी हासिल हो। इसके साथ ही बैठक में अब तक चलाए गए सभी अभियानों की समीक्षा बैठक भी की गई। सभी जिलाध्यक्षों से उनके जिला की रिपोर्टों के बारे में पूछा गया और लक्ष्य पूरा होने की रिपोर्ट तलब की। विशाल चौहान ने बताया कि प्रदेश में 71 मंडल हैं। प्रत्येक मंडल को करीब 300 भीम एप्लीकेशन डाउनलोड करवाने का लक्ष्य दिया गया है। इस लक्ष्य के तहत प्रदेश में करीबन 21 हजार से अधिक भीम एप्लीकेशन का लाभ प्रदेश को लोगों को मिल सकेगा। इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष विषय ठाकुर, अचल पठानिया, महेश सिपहिया, कमल कांत, महामंत्री अरुण पाल्टा, महेश चौहान, प्रदेश विशाल महरिया, भरत साहनी, पारुल शर्मा, श्रवण चंदेल समेत सभी जिलों के अध्यक्ष व महामंत्री समेत अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App