भ्रष्टाचार के खिलाफ मशाल यात्रा

By: Jan 4th, 2017 12:07 am

newsसुंदरनगर —  नवाही मंदिर में हुए भ्रष्टाचार के खिलाफ मंगलवार को सुंदरनगर से नौ ज्योतियों संग मशाल यात्रा रवाना की गई। संघर्ष समिति के सदस्यों ने सड़कों पर उतर कर मंदिर में हुए भ्रष्टाचार में संलिप्त दोषियों के खिलाफ  कड़ी कार्रवाई अमल में  लाने का बिगुल फूंक दिया है। समिति ने शासन और प्रशासन के ढुलमुल रवैये से खफा होकर यह रास्ता अख्तियार किया है। सुकेत देवता कमेटी एवं कारदार संघ के अध्यक्ष अभिषेक सोनी, हिमालयन पैराडाइज ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रवीण शर्मा, वसुधा ट्रस्ट के अध्यक्ष सूरज धीमान ने संघर्ष समिति के अध्यक्ष ललित जम्वाल को मशाल सौंप कर यात्रा को हरी झंडी दी। वहीं नवाही मंदिर बचाओ संघर्ष समिति के अध्यक्ष ललित जम्वाल ने कहा कि मशाल और सुकेत के नौ मंदिरों से लाई नौ ज्योतियों को भैरो देव के आगे प्रज्वलित किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन पर भ्रष्टाचार में संलिप्त अधिकारियों को बचाने का आरोप लगाते हुए कहा कि अप्रैल 10, 2014 तक मंदिर के खाते में 81, 42, 673 रुपए थे, लेकिन आज मात्र 13 लाख रुपए हैं। प्रशासन बताए कि इतने पैसे कहां खर्च किए। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भ्रष्टाचारियों को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो जिलाधीश मंडी और एसडीएम सरकाघाट के कार्यालय का घेराव किया जाएगा। इस अवसर पर समाजसेवी रणजीत, संयोजक ईश्वर दास, पुजारी रमेश चंद, सुंदरनगर कमेटी के प्रधान अमित शर्मा, सचिव सोनू भटोऊ मौजूद थे।

मशाल यात्रा में उमड़ा जनसैलाब

मशाल यात्रा में सैकड़ों लोगों ने शिरकत की। इस दौरान नवाही, मौंही, बलद्वाड़ा, सरकाघाट, बरच्छवाड़, तताहर, पौंटा, मशेरन व डबरोग के लोगों सहित नवनिर्माण सेना, विचार संस्था, संकल्प समिति व सामाजिक उत्थान संस्था और विभिन्न महिला मंडलों ने शिरकत की। वहीं सुंदरनगर से पांच समाजसेवी संस्थाओं ने भी भ्रष्टाचार के खिलाफ मशाल यात्रा में अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App